बालोतरा में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का किया औचक निरीक्षण : भुवनेश्वर सिंह चौहान

राजस्थान/ बाड़मेर – अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने मंगलवार को जिले में आयोजित ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ग्राम पंचायत मंडापुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर तथा नगर परिषद बालोतरा में संचालित शहरी सेवा शिविर का दौरा कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों, उनके निस्तारण और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।

उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाएं तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करें।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने शिविर में मौजूद लोगों से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में सुव्यवस्थित व्यवस्था, प्रभावी जनसुनवाई और पारदर्शिता बनाए रखी जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस दौरान जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में कई लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। ग्राम पंचायत हीरा की ढाणी में खेताराम को फार्म पॉण्ड योजना के तहत 1.20 लाख रुपये का अनुदान स्वीकृत किया गया। ग्राम पंचायत तिलवाड़ा में चैनसिंह को भूमि का पट्टा प्रदान किया गया। ग्राम पंचायत गंगावास में विद्युत विभाग ने वोल्टेज समस्या के समाधान के लिए नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया। ग्राम पंचायत लोहारवा में काश्तकार सुगनी के राजस्व दस्तावेजों का शुद्धिकरण किया गया। ग्राम पंचायत गोदावास में गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। वहीं गिड़ा में प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के तहत पंकज देवी को 6 हजार रुपये की सहायता राशि का लाभ प्रदान किया गया। जिलेभर में आयोजित ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में प्रभावी कार्य किया गया।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *