बरेली। दूसरे चरण मे होने वाले विधानसभा से पहले बरेली पहुंचे सीएम योगी ने रोड शो निकाला। एसपीजी की टीम और कमांडो के घेरे में डेढ़ घंटे तक योगी का काफिला बरेली के विभिन्न मार्गों से निकला। योगी के वाहन पर तीन कमांडो हाथ में बुलेट प्रूफ लैपटॉप लेकर चल रहे थे। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री के ऊपर बुलेट प्रूफ लैपटॉप से कवर किया जा रहा था। फूलों के साथ आने वाली मालाएं, पुष्प गुच्छ, लैपटॉप पर लग जा रहे थे। किला के तिलक इंटर कॉलेज से शुरू होकर साहूकारा, बड़ा बाजार, घंटा घर, जिला अस्पताल होते हुए पटेल चौक तक पहुंच रहा है। पटेल चौक पर आने के बाद योगी ने आमजन को संबोधित किया। योगी के बरेली पहुंचने से पहले ही पूरा बाजार मानो भगवामय हो गया। भीड़ देख अंदाजा लगाया जा सकता था कि लोगों में योगी को देखने के लिए कितना उत्साह था। योगी की सुरक्षा को देखते हुए कई जगहों पर जैमर भी लगाए गए थे। रोड शो के बाद सीएम योगी ने पांच मिनट के लिए जनता को संबोधित भी किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में कानून व्यवस्था का राज होगा। पूरे प्रदेश में विकास होगा। एक हाथ में विकास की छड़ी और दूसरे हाथ में बुलडोजर का लीवर होगा। विकास की छड़ी प्रदेश का चहुंमुखी विकास करेगी और बुलडोजर माफियाओं को ध्वस्त करेगा। शुक्रवार की शाम सात बजे मुख्यमंत्री का रोड शो किला के तिलक इंटर कॉलेज से शुरू हुआ। इससे पहले त्रिशूल एयर फोर्स स्टेशन पर भाजपा विधायक डॉ अरुण कुमार, मेयर उमेश गौतम, सांसद संतोष गंगवार समेत प्रमुख नेताओं ने उनका स्वागत किया। उनके साथ शहर विधानसभा प्रत्याशी डॉ अरुण कुमार, कैंट प्रत्याशी संजीव अग्रवाल, सांसद संतोष गंगवार चल रहे थे। आगे पीछे गाड़ियों का काफिला और बैंड बाजों की धुन के साथ रोड शो निकल रहा था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आप के आशीर्वाद से और मोदी के आह्वान पर 2017 में भाजपा की प्रदेश में सरकार बनी थी। बरेली की जनता ने भाजपा की सभी नौ सीटों पर जिताया था। इसके बाद निकाय चुनाव में भी भाजपा को भारी बहुमत मिला। प्रदेश समेत पूरे बरेली में कानून व्यवस्था को सही कर दिया गया है। बरेली में पिछले पांच साल में एक भी दंगा नहीं हुआ है। कानून का राज है। विकास किया जा रहा है। उन्होंने जनता से अपील की कि भाजपा के सभी प्रत्याशियों को जिताएं। बरेली के पार्षद अविनेश त्यागी को योगी की वेशभूषा और मुद्रा के कपड़े पहनाए गए थे। गेरुआ वस्त्रों में योगी स्टाइल में अविनेश त्यागी रथ पर लोगों का अभिवादन करते हुए चल रहे थे।।
बरेली से कपिल यादव