फरीदपुर टोल प्लाजा पर दबंगों का उत्पात, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ उपद्रव, 26 लोगों पर मुकदमा

बरेली। शराब पार्टी करके लौट रहे दबंगों ने फरीदपुर के टोल प्लाजा पर एक घंटे जमकर उत्पात मचाया। टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ करते हुए कर्मचारियों को दौड़ाते हुए पीटा। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। टोल मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने एक को नामजद करते हुए 25 अज्ञात लोगों पर बलवा, सरकारी भवन मे तोड़फोड़ करके टोल कर्मचारियों से मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। मारपीट मे गंभीर रूप से घायल एक कर्मचारी को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कर्मचारियों मे दहशत है। कई कर्मचारी छुट्टी लेकर चले गए है। पुलिस के अनुसार बुधवार रात डेढ़ बजे फरीदपुर के साहूकारा निवासी शेखर अग्रवाल उर्फ बिल्लू अपने दोस्तों के साथ कई गाड़ियों से शराब पार्टी करके बरेली से फरीदपुर वापस लौट रहे थे। शेखर अग्रवाल के साथ दोस्तों की कारे फास्ट ट्रैक से टोल टैक्स कटवाते हुए टोल प्लाजा से निकल गई। सबसे पीछे शेखर अग्रवाल की कार थी। उनकी कार में लगे फास्टट्रैक में बैलेंस कम था। जिसकी वजह से टोल कर्मचारियों ने उनकी कार रोक ली और कैश जमा करके कार निकालने के लिए कहा। आरोप है कि इससे शेखर अग्रवाल भड़क उठा। उसने कर्मचारियों से गाली-गलौज शुरू कर दी। टोल कर्मियों ने इसका विरोध किया। इसके बाद शेखर ने अपने साथियों को बुला लिया। सात कारों से करीब 25 लोग टोल प्लाजा पर लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए। उन्होंने कर्मचारियों को बूथ से खींच लिया और मारपीट शुरू कर दी। कर्मचारियों की चीख-पुकार सुनकर टोल मैनेजर संजीव गुप्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने समझाने की कोशिश की। तो दबंगों ने टोल प्लाजा की बिल्डिंग मे तोड़फोड़ करते हुए उत्पात मचाना शुरू किया। एक घंटे से चल रहे उत्पात की सूचना टोल मैनेजर ने पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इससे पहले दबंग हत्या की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल टोल कलेक्टर विक्रम सिंह को बरेली के निजी अस्पताल भेजा। टोल मैनेजर संजीव गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने साहूकारा के पेंट कारोबारी शेखर अग्रवाल उर्फ बिल्लू सहित 25 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। उपद्रव के दौरान कर्मचारी बूथ से भाग निकले। जिसकी वजह से दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई। हाईवे पर एक घंटे जाम रहा। टोल प्लाजा कि सीसीटीवी कैमरे में दबंगों का उपद्रव कैद हुआ है। सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग के मुताबिक कार सवार दबंग लाठी-डंडों से कर्मचारियों को पीटते दिखाई दे रहे हैं। कई लोग टोल प्लाजा के केबिन में लगे शीशों को तोड़ रहे हैं। उत्पात का पूरा वीडियो टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ। टोल मैनेजर ने वह वीडियो पुलिस को सौपा है। फरीदपुर इंस्पेक्टर रामसेवक ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग ले ली गई है। उपद्रवियों को चिह्नित किया जा रहा है। टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ करके मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *