पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार अधिकारियों को दोषी ठहराते हुए बच्चे के परिजनों ने दी तहरीर

फरीदपुर, बरेली। जनपद के थाना फरीदपुर क्षेत्र के गांव रूरिया मे निर्माणाधीन पुल के पास पांच साल के मासूम की डूबकर हुई मौत मे परिजनों ने पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार समेत अन्य अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है। बच्चे के पिता ने ठेकेदार और पीडब्ल्यूडी के अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है। फरीदपुर के रूरिया गांव के निकट नकटिया नदी के पुल का निर्माण किया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी ने बेल्डटेक कंस्ट्रक्शन कंपनी को पुल के निर्माण की जिम्मेदारी दी। ठेकेदार ने नदी बहाव का डायवर्जन करने को नाले की खुदाई की। मंगलवार को रूरिया गांव के विपिन का पांच वर्षीय बेटा राजकुमार बच्चों के साथ खेलते हुए नाले की तरफ पहुंच गया। वह गहरे नाले में जा गिरा। तलाश अभियान के बाद ग्रामीणों ने गोताखोरों की मदद से उसे बाहर निकाला, लेकिन सीएचसी फरीदपुर में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने राजकुमार का अंतिम संस्कार किया। बुधवार को परिवार के लोग थाने पहुंचे उन्होंने पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार, अधिकारियों व अन्य कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर दी। गांव के पास खोदे नाले की सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं किए गए। न ही ठेकेदार ने संकेतक लगाए। जिससे बच्चे की डूबकर मौत हो गई। परिवार के लोगों ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ठेकेदार और अन्य कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि जांच की जा रही है। आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। बच्चे की मौत के बाद जागे ठेकेदार ने लगाई बेरिकेडिंग : रूरिया गांव की नदी के पुल का एक महीने से निर्माण चल रहा था। ठेकेदार ने सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किये। बच्चे की मौत के बाद ठेकेदार की नींद टूटी। उसने औपचारिकता निभाते हुए कई जगह मामूली बेरिकेटिंग की। ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। उन्होंने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *