पर्चा बनवाने से लेकर दवा लेने तक रही मरीजों की भीड़

बरेली। मौसम में हो रहे बदलाव का असर सेहत पर पड़ रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की काफी भीड़ रही। पर्चा काउंटर से लेकर पैथलाजी, फार्मेसी, अल्ट्रासाउंट, एक्सरे कक्ष के सामने मरीजों की लंबी कतार लगी रही। बुखार के साथ ही पेट दर्द, बदहजमी, खांसी, सीने में जकड़न और त्वचा संबंधी परेशानी वाले मरीज अधिक रहे। जिला अस्पताल में चिकित्सकों की कमी और मरीजों की भीड़ के चलते समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। अस्पताल में इस समय सिर्फ एक ही फिजिशियन तैनात हैं। ऐसे में बुखार, खांसी, पेट दर्द की समस्या से पीड़ित मरीजों को इलाज मिलना कठिन हो गया है। सोमवार को जिला अस्पताल में मरीजों की काफी भीड़ रही। सुबह 9 बजे से ही पर्चा काउंटर पर लाइन लगी तो दोपहर एक बजे तक पर्चा बनवाने के लिए मरीज कतार में खड़ रहे। इस समय वायरल बुखार के हमले के चलते मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ गई है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 2100 से अधिक मरीज इलाज कराने पहुंचे। इसमें सांस और त्वचा संबंधी बीमारी वाले मरीजों की संख्या 400 से अधिक रही। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. हरपाल सिंह ने बताया कि इस समय मौसम में हो रहे बदलाव के चलते बीमार पड़ने की आशंका अधिक होती है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण वायरल बुखार की चपेट में आ सकते हैं। इस मौसम में खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। ठंडी तासीर वाले खाद्य पदार्थ खाने से परहेज करें।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *