नवाबगंज, बरेली। हॉरर किलिंग की सूचना पर पुलिस ने युवती का अंतिम संस्कार रुकवाया और शव को चिता से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम में जहर के लक्षण मिलने के साथ ही गले में फंदा कसने का भी निशान मिला है। इसके चलते बिसरा सुरक्षित किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना नवाबगंज क्षेत्र की युवती निजी स्कूल में पढ़ाने के साथ ही बीएससी की पढ़ाई कर रही थी। रविवार रात घर में ही संदिग्ध हालात में युवती की मौत हो गई। सोमवार सुबह परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए सिंघैया नदी किनारे ले गए। वहां चिता तैयार करके शव उस रख दिया गया। इसी बीच किसी ने उसकी मौत को लेकर ऑनर किलिंग बताते हुए पुलिस को सूचना दे दी। कुछ ही देर में पुलिस वहां पहुंच गई अंतिम संस्कार शुरू होने से पहले शव को चिता से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया। इस दौरान पुलिस ने युवती के परिजन से बात की तो पिता ने बताया कि रविवार रात 11:30 बजे उसके सीने में दर्द हुआ। वे लोग उसे डॉक्टर के पास ले जा रहे थे तो रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो कहानी और उलझ गई। युवती के शव में जहर के लक्षणों के साथ ही गले में फंदा कसने का भी निशान मिला। मगर फंदा लगाने के कारण मौत नहीं हुई थी। जिसके चलते बिसरा सुरक्षित कर दिया गया। कहा जा रहा है कि युवती ने पहले जहर खाया और फिर फंदा लगाया। संभवत: इसी दौरान परिवार वालों ने उसे नीचे उतार लिया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। 23 फरवरी को होना था सुधा का विवाह : बताया जा रहा है कि युवती का विवाह पड़ोस के गांव के युवक से तय हुआ था। 23 फरवरी को दोनों की मर्जी से ही यह विवाह हो रहा था। मगर युवती की इस तरह हुई मौत ने कई साल खड़े कर दिए हैं। पुलिस उनको लेकर जांच कर रही है। सीओ नीलेश मिश्रा ने बताया कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
