सीबीगंज, बरेली। गुरुवार की सुबह तड़के दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर स्लीपर बस पलट गई। हादसा सीबीगंज थाना क्षेत्र में परधौली गांव के पास हुआ। बस दिल्ली से पीलीभीत के पूरनपुर जा रही थी। बस में सवार 10 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है। घायलों को पुलिस और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल और आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया है। पीलीभीत जिले के पूरनपुर के गांव शेरपुर निवासी मोहम्मद परवेज ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ दिल्ली से लौट रहे थे। उनके डेढ़ साल के बेटे फैज का दिल्ली में इलाज चल रहा था। परवेज के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह चार बजे वापसी के दौरान बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक चीखपुकार मच गई। परवेज की पत्नी नगमा को गंभीर चोटें आई हैं। उनके डेढ़ साल के बेटे फैज का एक हाथ टूट गया है और वह बेहोशी की हालत में है। परवेज को भी शरीर पर कई जगह चोटें लगी है। घायल नगमा ने आशंका जताई कि बस चालक को नींद की झपकी आने से यह हादसा हुआ होगा। बस किसी दूसरे वाहन से नहीं टकराई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। गंभीर घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।।
बरेली से कपिल यादव
