बरेली। रविवार की रात में हुई झमाझम बारिश के बाद दिन में भी कई बार हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। बारिश से दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस से कुछ हद तक राहत मिली है। बीते चौबीस घंटे में 30.8 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। दिन में अधिकतम तापमान 30.2 और रात में न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने 17 अगस्त को भी तेज बारिश का अनुमान जताया है। बीती रात जिले में 30.8 मिमी बारिश हुई जो इस माह हुई सबसे अधिक बारिश है। एक दिन पहले भी 9.8 मिमी बारिश रिकार्ड हुई थी। शनिवार आधी रात के बाद मौसम ने करवट ली। घने बादल छाए और रविवार तड़के करीब चार बजे से गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक हुई इस वर्षा से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। हालांकि, तेज बारिश के कारण शहर की सड़कें फिर जलमग्न हो गई। जलभराव के बीच सुभाषनगर नाले मे एक ई-रिक्शा गिर गया। बताया जा रहा है कि नाले के चारों ओर बैरिकेडिंग न होने से चालक को रास्ते का अंदाजा नहीं हो सका। आसपास के लोगों ने तुरंत मशक्कत कर ई-रिक्शा को नाले से बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को गंभीर चोट नही आई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में बीते 24 घंटों में 30.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। न्यूनतम पारा 2.4 डिग्री लुढ़ककर सामान्य स्तर पर 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश होने से तापमान में अभी और गिरावट हो सकती है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार ने बताया कि रुहेलखंड में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसी कारण जिन इलाकों में अनुकूल माहौल बन रहा है, वहां हल्की तेज और अन्य क्षेत्रों में खंडवर्षा या रिमझिम हो रही है। मौसम विभाग ने सोमवार तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।।
बरेली से कपिल यादव
