बरेली। सावन के तीसरे सोमवार से पहले रविवार को शहर में शिवभक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। डीजे की धुन पर बम-बम भोले के जयकारे लगाते सैकड़ों कांवड़ियों के जत्थे मोटरसाइकिल, डीसीएम, छोटा हाथी, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से गंगाजल लेने कछला और गढ़गंगा के लिए रवाना हुए। शेरगढ़ से कांवड़ियों का जत्था रवाना : शेरगढ़ क्षेत्र के गांव सिमरावा से महंत अभिषेक राठौर के नेतृत्व में कांवड़ियों का जत्था गंगाजल लेने रविवार को कछला रवाना हुआ। प्रताप सिंह पटेल टिंकू समेत ग्रामीणों ने अंग वस्त्र पहनाकर कांवड़ियों का स्वागत किया। जहीर अंसारी, राजेन्द्र गंगवार, अमित पटेल, अज्जू, सचिन, विकास, रिंकू, आकाश आदि मौजूद रहे। भमोरा में भंडारों के आयोजन : सोमवार को विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक करने जा रहे कांवड़ियों की सेवा में भंडारों का आयोजन किया गया। रामभरोसे लाल इंटर कालेज देवचरा में रिटायर्ड एडीएम के एन सहगल ने भंडारे का आयोजन किया। बिशारतगंज में कांवड़ियों का स्वागत : कछला से जल लेकर पहुंचे कांवड़ियों का नगर में स्वागत किया गया। पूर्व चेयरमैन सूरजपाल मौर्य ने स्वागत कर भंडारे में भोजन कराया। तार बाबू मौर्य पूरनलाल मौर्य ने स्वागत किया। आंवला में निकाली गई भव्य कलश यात्रा : आंवला। नगर के मोहल्ला लठेता स्थित श्री दुर्गा मंदिर प्रांगण में 15 से 25 अगस्त तक भव्य श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ एवं श्री रामचरितमानस अखंड पाठ का आयोजन किया जा रहा है। प्रथम दिन भव्य कलशयात्रा निकाली गई। संरक्षक बाबा रामदास (भूरे बाबा) तथा मूल पाठकर्ता आचार्य पटवारी लाल के निर्देशन में यात्रा लठैता मोहल्ला से शुरू होकर पुरैन मंदिर तक गई। 25 को भंडारा होगा। कलशयात्रा में धुर्वेद्र पाल सिंह, राजेश्वर सिंह, सत्येंद्र सिंह, राजकुमार सिंह, सभासद वीरू सिंह, धर्मपाल सिंह, कल्लू सिंह, गोपाल सिंह, उदय पाल सिंह, दुर्गेश आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
