तीन दिन की हड़ताल पर अड़े बैंककर्मी, निर्णय बरकरार

बरेली। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की तरफ से अपनी मांगों को लेकर तीन दिवसीय बैंक हड़ताल का ऐलान किया गया है। बैंक कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को आईबीए व डीएफएस की बैंक यूनियंस के साथ सुलह वार्ता उप मुख्य श्रमायुक्त के सामने थी, मगर वार्ता बेननतीजा रही। तय तिथियों पर हड़ताल का निर्णय बैंक कर्मचारियों ने बरकरार रखा। तमाम बैंकों की शाखाओं व कार्यालयों में काले बैज लगाकर विरोध जताया गया। बरेली ट्रेड यूनियन फेडरेशन के महामंत्री संजीव मेहरोत्रा ने बताया कि उप मुख्य श्रम आयुक्त के समक्ष सुलह वार्ता में इंडियन बैंक एसोसिएशन (आईबीए) और डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंस सर्विसेज (डीएफएस) का सकारात्मक रवैया नहीं होने की वजह से कोई परिणाम नही निकला। लिहाजा यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक्स यूनियन 28, 29, 30 को अपनी प्रस्तावित हड़ताल कायम रखेगा। वहीं मगंलवार को हड़ताल से पहले बैंक अधिकारी और कर्मचारियों ने काले बैज पहनकर विरोध दर्ज कराया। कर्मचारी पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, पीएलआई में व्याप्त विसंगतियों को दूर करने, पेंशन अपडेशन, पुरानी पेंशन से संबंधित मांगों व बैंकों में पर्याप्त संख्या में भर्ती किए जाने की मांगें उठा रहे हैं। यूनाइटेड फोरम बरेली के उपाध्यक्ष ओपी वडेरा ने कहा वित्त मंत्री ने भी सोमवार को बैंकों के प्रमुख केंद्रीय प्रबंधन को वार्ता के लिए बुलाया था मगर इस बातचीत से कोई समाधान नहीं निकल सका। अभियान को सफल बनाने में यूनाइटेड फोरम बरेली की महिला संयोजिका रश्मि शर्मा, बीडी सिंह, पुनीत टंडन, प्रवीण राठौर, आशीष शुक्ला, चरण सिंह यादव, मुनीश बाबू, एसके गुप्ता, विकास कुमार, शैलेंद्र कश्यप, रमीज अली, अश्विन आर्य, पूजा जोशी आदि का सहयोग रहा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *