तस्करों ने पशुशाला से गोवंश चुराकर खेत में काटा, ग्रामीणों और हिंदू संगठनों ने किया हंगामा

सीबीगंज, बरेली। जनपद के थाना सीबीगंज क्षेत्र के परधौली गांव में सोमवार रात पशु तस्करों ने एक गोवंशीय पशु चुराकर मार डाला। मंगलवार सुबह उसका शव मिलने पर ग्रामीणों और हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। परधौली के रहने वाले यशपाल ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात उनकी पशुशाला में बंधी गाय को चोरी कर लिया गया। सुबह तलाश करने पर गांव के बाहर शव पड़ा मिला। उसकी खाल उतारने की कोशिश हुई थी। इसे लेकर लोगों में रोष व्याप्त हो गया। गांववालों के साथ हिन्दूवादी संगठनों के कार्यकर्ता जुट गए। हंगामे की स्थिति बन गई। राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष रोहित गंगवार और अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमित गंगवार पहुंच गए और कार्रवाई की मांग की। सीओ द्वितीय नितिन कुमार और इंस्पेक्टर सीबीगंज विनोद सिंह ने पहुंचकर कार्रवाई का भरोसा दिया और लोगों को शांत किया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गोवंशीय पशुओं की हत्या की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि एक सप्ताह पहले भी एक खेत में गोवंश की हत्या का प्रयास किया गया था। उस समय भी आहट होने पर तस्कर अपना जाल आदि छोड़कर भाग गए थे। इन घटनाओं से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *