बरेली। कांवड़ यात्रा और उर्स-ए-आला हजरत के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने बुधवार को आयोजकों व स्थानीय लोगों के साथ बैठक की। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की ऊंचाई वाहन सहित 12 फुट से अधिक न हो। कोई नई परंपरा शुरू न की जाए और सड़क पर स्टंटबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में यात्रा मार्गों पर गड्ढे, लटकते बिजली के तार और जलभराव जैसी समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने नगर पालिका, नगर निगम और जिला पंचायत राज अधिकारियों को मार्गों की साफ-सफाई और खराब सड़कों की मरम्मत कराने के लिए कहा। बिजली निगम को पेड़ों की टहनियों की छंटाई और रास्ते में आने वाले ट्रांसफार्मर हटाने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रत्येक कांवड़ जत्थे में एक इंस्पेक्टर और सिपाही नोडल अधिकारी के रूप में तैनात रहेंगे। पुलिस प्रत्येक गांव में जाकर जत्थों और उनके रूट की जानकारी लेगी। डिवाइडर के कट बंद कराने और आंधी-तूफान से गिरे या गिरने वाले पेड़ों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में सीडीओ देवयानी, संयुक्त मजिस्ट्रेट ईशिता किशोर, एडीएम पूर्णिमा सिंह, संतोष कुमार सिंह, अविनाश त्रिपाठी, देश दीपक, एसपी मानुष पारिक, अंशिका वर्मा और मुकेश चंद्र मिश्रा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
