बरेली। शनिवार को जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी की अध्यक्षता मे तहसील नवाबगंज सभागार मे सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ। सम्पूर्ण समाधान दिवस मे कुल 90 शिकायतें प्राप्त हुई। जिसमें मौके पर एक शिकायत का निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस मे आए लोगों की शिकायतों को एक-एक कर सुना और सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण किया जाए। समाधान दिवस मे राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, विद्युत विभाग, पूर्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग की शिकायतें अधिक आई है। जिस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिये। समाधान दिवस में शिकायतकर्ता शकुन्तला देवी पत्नी जसवन्त ग्राम ईद जागीर ने कहा कि उनके पेट मे कैंसर की गांठ है। वह अत्यंत गरीब है और अपना इलाज नही करा सकती हूँ। जिस पर डीएम ने उपचार के लिए अपर मुख्य चिकित्साधिकारी से उनका आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिये। एक अन्य शिकायतकर्ता रमेश चन्द्र पुत्र नत्थू लाल निवासी बहोर नगला ने बताया कि उनका अन्त्योदय राशन कार्ड बंद हो गया है जिस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को राशन कार्ड बनवाने के निर्देश दिये। एक अन्य शिकायतकर्ता राजेश राठौर ग्राम दावी खेड़ा ने बताया कि उनके गांव से ग्यारह हजार वोल्टेज बिजली की लाइन गुजर रही है। जिससे किसी भी समय अनहोनी की घटना का भय बना रहता है। जिस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। शिकायतकर्ता दमोदरदास ग्राम हरदुआ किफाय तुल्ला ने बताया कि हरदुआ में मुख्य मार्ग पर होली स्थल पर गोबर का प्लांट है। बस्ती के लोग गोबर, कूड़ा, गन्दगी आदि चीजों को डालते है। जिससे गांव में गंदगी है। जिससे डेंगू, बुखार, मच्छर, कीड़े आदि उत्पन्न हो रहे है। जिस पर जिलाधिकारी ने बीडीओ को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस मे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार चौरसिया, परियोजना निदेशक तेजवन्त सिंह, वनाधिकारी समीर कुमार, तहसीलदार नवाबगंज आनन्द तिवारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
