डिप्टी सीएम ने जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, कई स्वास्थ्य कर्मियों को सस्पेंड करने के आदेश

बरेली। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डॉक्टर, फार्मासिस्ट समेत अन्य गैर जिम्मेदारों को मौके पर सस्पेंड करने के आदेश दिए। आपको बता दें डिप्टी सीएम ने औचक निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल में भारी अनियमितताएं मिलने के बाद पुरानी पुलिस लाइन के नगरीय स्वास्थ्य केंद्र तथा पुलिस चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अस्पतालों पर ताले लटके मिले। वही डॉक्टर, फार्मासिस्ट से लेकर इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मी भी नदारद मिले। इस दौरान डिप्टी सीएम ने सीएमओ और एडिशनल सीएमओ की मौके पर फटकार लगाई। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को सस्पेंड करने के लिए डीजी हेल्थ को फोन पर निर्देश दिए। जिला अस्पताल मे एक्सरे रूम के पास बैठे एक बुजुर्ग रोगी से उसका हाल चाल पूछा। उसके लिए स्ट्रेचर मंगवाकर स्वयं उसे एमर्जेंसी वार्ड में भर्ती करवाने के लिए भिजवाया। उन्होंने कहा कि इस रोगी की सबसे पहले स्पंजिंग की जाए उसके बाद उपयुक्त एवं समुचित इलाज किया जाए। मंत्री इसके बाद नर्सिंग स्टेशन गए और वहां पर ड्यूटी चार्ट देखा। इसके बाद उप मुख्यमंत्री मंत्री ने एमर्जेंसी के पुरुष एवं महिला वार्ड का भी निरीक्षण किया और वहां पर भर्ती रोगियों का हाल चाल पूछा। उन्होंने पूछा कि इलाज की उचित व्यवस्था है या नही। वहां पर कई रोगियों ने उनसे अपनी बात भी कही। इसके बाद मंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में चिकित्सा की उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में व्यापक सुधार के प्रयास किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में स्तरीय चिकित्सा उपलब्ध कराई जा रही है। जिला अस्पताल के बाद उप मुख्यमंत्री चौपला के पास स्थित पुलिस अस्पताल पहुंचे। वहाँ उन्हें कर्मचारी उपस्थित नही मिले। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि जो कर्मचारी उपस्थित नहीं है और यदि अन्यत्र ड्यूटी पर है। उनसे तत्काल स्पष्टीकरण ले और यदि बिना किसी ड्यूटी के अनुपस्थित हैं तो उनके विरुद्ध नियमानुसार तत्काल कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *