ट्रेन में सोते समय यात्री के गले से तोड़ीचेन, तीन गिरफ्तार

बरेली। चंपारण एक्सप्रेस में रात को एसी कोच में सोते समय एक यात्री की चेन तोड़ ली गई। यात्री जागा तो मौके से एक कोच अटेंडेंट को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी भागने में सफल हो गये। यात्री की शिकायत पर बरेली जंक्शन जीआरपी ने तीन आरोपी कोच अटेंडेंट गिरफ्तार कर लिए। तीनों के पास से चेन के तीन टुकड़े बरामद हुए हैं। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया। छतरपुर साउथ दिल्ली के रहने वाले रोहित कुमार 14 सितंबर की रात को दिल्ली से सीतापुर को (14010) चंपारण एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे थे। कोच बी-1 में सवार थे। यह ट्रेन मुरादाबाद से वाया चंदौसी होकर कैंट स्टेशन होकर जाती है। रोहित का कहना है, वह सो रहे थे। उनके गले में डेढ़ तोले सोने की चेन थी। ऐसा लगा जैसे किसी ने चेन को निकाल लिया है। जब आंख खुली तो एक कोच अटेंडेंट उनके पास खड़ा था, जबकि दो युवक वहां से भागते दिखे। तभी उन्होंने कोच अटेंडेंट शेखर को मौके से ही पकड़ लिया। पुलिस बुलाने को कहा तभी शेखर ने कहा, जो युवक भागे है। वहीं आपकी चेन ले गये। उस समय ट्रेन आंवला और रामगंगा के बीच थी। ट्रेन के धीमे होने पर शेखर भी कूदकर भाग गया। रोहित ने इस मामले की कंट्रोल को सूचना दी। जीआरपी में मुकदमा दर्ज कराया गया। जीआरपी इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा के नेतृत्व में बुधवार रात को जीआरपी ने बागपत जिले के कोतवाली क्षेत्र के संतोषपुर निवासी शेखर, अनिल कश्यप और गजब सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चेन के तीन टुकड़े हुए हैं। तीन कोच अटेंडेंट बागपत जिले के रहने वाले है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *