चंद्रलोक अस्पताल प्रकरण की फिर होगी जांच, एडी हेल्थ को भेजा पत्र

बरेली। चंद्रलोक अस्पताल में मरीज की मौत और इलाज में लापरवाही के मामले में सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने एडी हेल्थ को पत्र भेजकर दोबारा जांच की संस्तुति की है। एडी हेल्थ डॉ. सीमा अग्रवाल ने समीक्षा के बाद कार्रवाई की बात कही है। पीलीभीत बाइपास स्थित चंद्रलोक अस्पताल के डॉ. हिमांशु अग्रवाल पर आशुतोष सिटी निवासी अरुण कुमार ने भाई अनूप कुमार के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया था। इलाज के दौरान अनूप की मौत हो गई थी। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर बारादरी थाना पुलिस विवेचना कर रही है। आरोप है कि अनूप डायबिटीज के मरीज थे और उनके पैर में संक्रमण था। 30 मई को चंद्रलोक अस्पताल में भर्ती कराने के बाद क्रमवार तीन बार पैर का ऑपरेशन हुआ। 18 जून को डिस्चार्ज दिखाया, पर दो दिन भर्ती रखा। तबीयत फिर बिगड़ी तो पीलीभीत बाइपास स्थित निजी अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने इलाज मे लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र दिया था। वही इस मामले में बारादरी थाने में भी मुकदमा दर्ज है और पुलिस भी विवेचना कर रही है। सीएमओ के निर्देश पर हुई जांच मे टीम ने विशेषज्ञ चिकित्सक से जांच की बात लिखकर प्रकरण मेडिकल काॅलेज भेजने की संस्तुति की थी। अब सीएमओ ने एडी हेल्थ कार्यालय को पत्र भेजकर दोबारा जांच कराने की संस्तुति की है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *