बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के मोहल्ला साहूकारा मे घरेलू कलह के चलते 26 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले मे मृतक की पत्नी और परिजनों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए है। पुलिस के मुताबिक जितेंद्र कुमार ने गुरुवार की देर रात घर मे रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। पत्नी फूलवती रक्षाबंधन से मायके मे थी। पति की मौत की सूचना पर पहुंची फूलवती ने थाने में तहरीर देकर अपने पिता और भाई पर जितेंद्र को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया। उसका कहना है कि कुछ दिन पहले घरेलू विवाद मे पिता और भाई ने जितेंद्र को छेड़छाड़ के मामले मे फंसाने का प्रयास किया था। वही मृतक के पिता भीमसेन ने आरोपों से इनकार करते हुए बताया कि फूलवती झगड़े के बाद मायके चली गई थी। इससे आहत होकर जितेंद्र ने आत्मघाती कदम उठाया। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि पत्नी और परिजन एक-दूसरे पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगा रहे है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच मे दोषी पाए जाने वाले पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
