*चोरी का ट्रक समेत तीन लाख रुपये बरामद
चित्रकूट- गल्ला व्यापारी का लाखों की लागत का गेहूं से भरा ट्रक गबन करके फरार होने वाले तीन अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साथ ही इनके कब्जे से ट्रक समेत गेंहू की बेंच का तीन लाख रुपये की नगदी व फोन भी बरामद किया है।
गौरतलब है कि मानिकपुर थाना क्षेत्र के कस्बा सुभाष नगर का निवासी वादी गल्ला व्यापारी कौशल किशोर गुप्ता पुत्र रामप्रसाद ने 8 फरवरी 2022 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस को दी गई तहरीर में उसने बताया कि जय मां दुर्गा ट्रांसपोर्ट कर्वी के माध्यम से ट्रक नंबर यूपी 96T 4286 को ट्रक मालिक व चालक रामनाथ पाल उर्फ नत्थू पाल पुत्र जगन्नाथ निवासी बांधी थाना रैपुरा को लगभग 235 कुंटल गेहूं से भरा ट्रक इंडस्ट्रियल एरिया गाजियाबाद के लिए भेजा था। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी माल वहां नहीं पहुंचा है और ना ही ट्रक व ट्रक ड्राइवर का पता है। इस संबंध में पुलिस ने रामनाथ पाल उर्फ नत्थू पाल के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक धवल जयसवाल के निर्देश में मानिकपुर थाना प्रभारी गिरेन्द्र कुमार सिंह,चौकी प्रभारी सरैंया प्रवीण कुमार सिंह एवं प्रभारी स्वाट टीम एमपी त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रयासरत थी। जिसमें 11 मार्च को मुखबिर की सूचना पर हनुआ तिराहे से अभियुक्त ट्रक चालक रामनाथ पाल, विपिन वर्मा पुत्र राम मनोहर वर्मा निवासी बांधी व विनोद पाल पुत्र भैयालाल पाल निवासी चंदहा थाना मऊ को गिरफ्तार कर लिया है।साथ ही अभियुक्तों के कब्जे से गेंहूँ बेंच की तीन लाख रुपये की नगदी व एक मोबाइल बरामद किया है। पूछताछ में अभियुक्त ट्रक चालक ने बताया कि ट्रक को अलीगढ़ से गाजियाबाद ले जा रहे थे, तभी एक ढाबे पर बैठकर पूरी योजना बनाकर इस आपराधिक वारदात को अंजाम दिया गया है। इसके अलावा सबूत मिटाने के लिए ट्रक को भी बेचने की योजना बनाई गई थी।चोरी किये गए ट्रक की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण किया है और गिरफ्तार अपराधियों को जेल भेज दिया है।
– अरविन्द रघुवंशी
