बरेली। शास्त्री मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव बलदेव राज नागपाल पर मार्केट की छत पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। नागपाल शौच के लिए मार्केट की छत पर बने टायलेट में गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुत्तों के झुंड ने उन्हें घेर लिया और जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद मार्केट के व्यापारियों में गुस्सा है। व्यापारियों ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर शास्त्री मार्केट में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है। दुकानदारों का कहना है कि मार्केट की छत और आसपास के हिस्सों में कुत्तों का जमावड़ा रहता है, जिससे दुकानदारों और ग्राहकों में डर का माहौल है। दुकानदारों ने पार्षद राजेश अग्रवाल को बताया कि मार्केट में एक कुत्ता लगातार दुकानदारों और ग्राहकों को काट रहा है। दुकानदारों के अनुसार नगर निगम को कई बार इसकी जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कुत्ते को पकड़ने की कार्रवाई नहीं हुई। दुकानदारों की शिकायत पर पार्षद राजेश अग्रवाल ने तुरंत नगर निगम के वेटरनरी डॉक्टर हरपाल से संपर्क किया। उन्होंने कुत्तों को पकड़ने के लिए कहा है। व्यापारियों ने भी निगम से जल्द अभियान चलाकर मार्केट परिसर से आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है।।
बरेली से कपिल यादव
