उर्से रजवी : मुस्लिम जमात ने जारी किया मुस्लिम एजेंडा, महंगी शादिया, नशे से बचने की अपील

बरेली। आला हजरत के उर्स के मौके पर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात ने इस साल फिर मुस्लिम एजेंडा जारी किया है। जमात ने पैगंबर-ए-इस्लाम की शान में गुस्ताखी की घटनाएं रोकने के लिए कानून बनाने की मांग दोहराई है। यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान प्रत्याशियों से इस मुद्दे पर उनका रुख जानने की अपील की गई है। वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद, मथुरा और संभल की शाही जामा मस्जिद समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर छिड़े विवाद को लेकर कहा कि बहुसंख्यक समुदाय के पक्षकारों को बड़े भाई होने का सबूत देते हुए मुकदमें वापस लेने चाहिए। जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने वक्फ बोर्ड में बड़े घोटाले का आरोप लगाते हुए जांच की मांग उठाई है। विशेषकर उत्तर प्रेदश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड में भारी गड़बड़ी का दावा करते हुएए कहा कि इसकी उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, क्योंकि वक्फ पर गरीब मुसलमानों का हक है और बड़े पैमाने पर वक्फ की संपत्तियां खुर्द-बुर्द की गई है। फिलिस्तीन, गजा और ईरान पर इजरायली हमले की निंदा की गई। अरब देशों से इजरायल के खिलाफ एक मुस्लिम एक संगठन बनाने की अपील की गई। जमात का मानना है कि आपस में लड़कर अपनी ताकत नष्ट न की जाए। बल्कि क्षेत्र में स्थिरता और शांति के लिए इजरायल के मुकाबले खुद को मजबूत करने की जरूरत है। मस्जिदे अक्सा की सुरक्षा की जाए। जमात ने शादियों में फिजूलखर्ची और दहेज को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि इससे बाहर निकलने की जरूरत है। महंगी शादियों और भारी भरकम दहेज का लोभ छोड़ना होगा। निकाह को आसान बनाएं, ताकि गरीब बेटियों की शादियां आसानी के साथ हो सकें। समाज में नशे का चलन बढ़ रहा है। बच्चों से लेकर बड़ों तक इसकी गिरफ्त में फंस रहे हैं। यह चिंताजनक है। नशे के खिलाफ समाज को एकजुट होकर मुखर होने की जरूरत है। मां-बाप की ये जिम्मेदारी है कि बच्चों पर नजर रखें। बुरी संगत और नशे की लत से उन्हें बचाकर रखें। जमात ने देश के अलग-अलग हिस्सों में अल्पसंख्यकों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई पर चिंता जताते हुए इस पर रोक की मांग की है। मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि बुलडोजर कार्रवाई से अल्पसंख्यक समाज में असुरक्षा की भावना पैदा हुई है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *