बरेली। गुरुवार सुबह तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने शहर से देहात तक बिजली आपूर्ति व्यवस्था ठप कर दी। तेज हवा में पेड़ और डालियां बिजली लाइनों पर गिरने से 19 बिजली के पोल टूटकर गिरने, बड़ी संख्या में लाइनों पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हुई। शहर के करीब 12 फीडर प्रभावित हुए। मढ़ीनाथ की 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन में आने से उससे जुड़े सभी फीडर बंद हो गए। वहीं नौ से अधिक उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में कई घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। किला क्षेत्र के स्वाले नगर में वर्षों पुराना पेड़ दिल्ली हाईवे किनारे गिर गया। आंधी के कारण 11 केवी लाइन के आठ और 33 केवी लाइन के तीन पोल टूटने से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई। सुभाष नगर, मढ़ीनाथ, बदायूं रोड, पुराना शहर, पवन विहार, जोगीनवादा, रामपुर गार्डन, चौपुला, डीडीपुरम, राजेंद्र नगर समेत एक दर्जन से अधिक इलाकों में बिजली गुल रही। कई उपकेंद्रों में पानी भरने से भी विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई। मढ़ीनाथ क्षेत्र में 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन होने से उपकेंद्र से पोषित सभी फीडर बंद हो गए। अधिकारियों के मुताबिक आपूर्ति सामान्य करने में करीब चार से पांच घंटे लगे। मढ़ीनाथ उपकेंद्र की आपूर्ति पांच घंटे ठप रही। सुभाषनगर क्षेत्र में तिलक कालोनी में लगा 630 केवीए ट्रांसफार्मर में फॉल्ट के कारण चार घंटे आपूर्ति बाधित रही। साउथ सिटी फीडर की लाइन में भी फॉल्ट होने से उपभोक्ताओं को बिजली की समस्या झेलनी पड़ी। फरीदपुर रोड में बिजली पोल पर पेड़ गिरने से 11 केवी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे सुबह करीब 10 से दोपहर 12 बजे तक फरीदपुर विद्युत उपकेंद्र बिजली आपूर्ति बाधित रही।।
बरेली से कपिल यादव
