बरेली। भाजपा जातिगत राजनीति नहीं करती है। हर वर्ग की आवाज है। जिसका प्रमाण साल दर साल जनता देख रही है। जाति की राजनीति करने वालों का वजूद खत्म हो रहा है। ये बातें दुग्ध एवं पशुधन विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने सोमवार को बरेली के विकास भवन में आयोजित मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद प्रेस वार्ता में कही। कैबिनेट मंत्री ने पत्रकार वार्ता में सपा प्रमुख के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अधिकारियों से निराश्रित गोवंशों का ध्यान रखने के लिए कहा। बताया कि प्रदेश में गोवंश के संरक्षण को लेकर वृहद स्तर पर कार्य चल रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में गोशालाओं की संख्या बढ़ाने के साथी अन्य संसाधन भी बढ़ाए जाएंगे। हाल ही में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बयान दिया था कि भाजपा सरकार अल्पसंख्यकों की अनदेखी कर रही है। इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पशुधन मंत्री ने कहा कि जो चोर होते हैं उन्हें सभी चोर नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि न्याय सबको, तुष्टिकरण किसो को नहीं। जो गलती करेगा, उसे दंड मिलेगा। झारखंड में छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मानना है कि छात्र हमारा भविष्य है और इनके साथ हमेशा अच्छा व्यवहार किया जाना चाहिए। झारखंड सरकार को इसका जबाब देना चाहिए। धर्मपाल सिंह ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था से संतुष्ट है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत हासिल कर उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। मंडल के चार जिलों में गोवंश संरक्षण की यह स्थिति : शाहजहांपुर में 145 गोशालाओं में 52 हेक्टेयर में हरा चारा बोया गया है। पीलीभीत में 66 गोशालाओं में 8,259 गोवंश संरक्षित हैं और 53 हेक्टेयर में हरा चारा बोया गया है। बदायूं में 223 गोशालाओं में 36,886 गोवंश हैं और चार गौशालाएं निर्माणाधीन हैं। वहां 136 हेक्टेयर में हरा चारा बोया गया है। बरेली की तर्ज पर मंडल में लगेंगे बकरी मेले: मंत्री ने बरेली की तरह मंडल के दूसरे जिलों में भी बकरी मेले लगाने के निर्देश दिए। सुअर और मुर्गी पालन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2017 से पहले एक करोड़ अंडों का उत्पादन होता था, जो अब बढ़कर चार करोड़ हो गया है। पशुधन मंत्री ने बकरी मेले को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मंत्री का फोकस आमदनी बढ़ाने पर रहा। बरेली में 600 क्षमता की नंदी गोशाला तैयार : महापौर डॉ. उमेश गौतम ने बताया कि 600 गोवंश की क्षमता वाली नंदी गौशाला लगभग तैयार है और अगले महीने शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने हर गौशाला के पास नंदी गौशाला बनाने का सुझाव दिया। मंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने में खेती के साथ पशुपालन भी महत्वपूर्ण है। क्षेत्र पंचायत की बैठकों में लोगों को इसके फायदे बताए जाएं। पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए एफएमडी के टीके लगाने और गोशालाओं में साफ-सफाई व पानी की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। बैठक में महापौर डॉ. उमेश गौतम, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, विधायक कैंट संजीव अग्रवाल, विधायक नवाबगंज डॉ. एमपी आर्य, विधायक बिथरी चैनपुर डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, मंडलायुक्त शंभू कुमार, सीडीओ देवयानी सहित मंडल के अधिकारी मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
