बरेली। निवेशकों के करोड़ों रुपये लेकर फरार हुए कैनविज ग्रुप के एमडी कन्हैया गुलाटी समेत नौ लोगों के खिलाफ कोतवाली और इज्जतनगर थाने में 15 लोगों से 55 लाख रुपये की ठगी के दो अन्य मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। अब कैनविज ग्रुप और कन्हैया गुलाटी के खिलाफ मुकदमों का आंकड़ा 40 से ऊपर पहुंच चुका है। कोतवाली में बिहारीपुर करोलान में रहने वाली पूनम अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें शाहदाना कॉलोनी मॉडल टाउन निवासी कैनविज के एमडी कन्हैया गुलाटी, सीताराम कूंचा के अनूप गुप्ता, मधु गुलाटी, राधिका गुलाटी, गोपाल गुलाटी, आशीष महाजन और किमी महाजन को नामजद किया गया है। पूनम का आरोप है कि अनूप गुप्ता ने खुद को कैनविज का डायरेक्टर बताकर अन्य आरोपियों से मुलाकात कराई। प्लान समझाकर अच्छे मुनाफे का झांसा दिया, जिस पर उन्होंने उनके, उनके बेटे हर्षित अग्रवाल और बहन पूनम अग्रवाल के नाम से 13 लाख रुपये निवेश कराकर हड़प लिए। सभी आरोपी फरार हैं और व्हाट्सएप कॉल करके धमकी दे रहे है। थाना इज्जतनगर में सिद्धार्थनगर निवासी दिनेश कुमार ने देवेश सिंह, प्रमोद परिहार और कन्हैया गुलाटी पर 42.25 लाख रुपये हड़पने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। यह रकम उनके अलावा कैलाशचंद्र, सरिता सेजवाल, एंजिल सुनोठी मारिया, रीना आदि से जमा कराई गई थी। उनका कहना है कि आरोपियों ने पोस्ट डेटेड चेक दिए थे लेकिन अब खातों में रकम नहीं है और बाउंस कराने पर रकम वापस नहीं करने की धमकी दी जा रही है। कैनविज ग्रुप के एमडी कन्हैया गुलाटी और अन्य पदाधिकारियों पर यूपी, बिहार व छत्तीसगढ़ में 40 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। इनमें से अयोध्या व कासगंज में एक-एक और शाहजहांपुर में दो मुकदमे दर्ज हुए हैं। झारखंड में रांची के थाना अरगोरा और बिहार में बेरोह के थाना नगर में एक-एक मुकदमा दर्ज हुआ है। बाकी सभी मुकदमे बरेली के कोतवाली, प्रेमनगर, सुभाषनगर, बारादरी, फरीदपुर, नवाबगंज, इज्जतनगर और फतेहगंज पश्चिमी थाने में दर्ज किए गए हैं। अब कोर्ट ने पीड़ितों की शिकायत पर बारादरी पुलिस को 19 अन्य मुकदमे दर्ज करने के निर्देश दिए है।।
बरेली से कपिल यादव
