बरेली। बजरंग ढाबा तिराहा पर शुक्रवार की शाम रुहेलखंड विश्वविद्यालय के हॉस्टलों के छात्रों और बाहरी युवकों के बीच विवाद हो गया। बीच सड़क पर छात्रों के बीच मारपीट हुई। किसी छात्र को बाहरी युवकों ने हॉस्टल में घुसकर पीटा था। इसके बाद विवि के तीन हॉस्टलों के छात्रों ने मारपीट करने वालों को पीट दिया। बताया जा रहा है कि कई दिन पहले विवि के हॉस्टल मेघनाथ शाह में रहने वाले बीफार्मा के एक छात्र का बाहरी साथी अरावली हॉस्टल मे दूसरे छात्र के नाम पर खाना खा रहा था। इसका अरावली के छात्रों ने विरोध किया था। एक दिन पहले कुछ बाहरी युवक और एक छात्र संगठन के पदाधिकारी अरवाली छात्रावास पहुंचे और विरोध करने वाले बीटेक के एक छात्र की पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि बीडीए छात्रावास में भी शुक्रवार की शाम किसी छात्र को पीटा गया। इससे बीटेक के छात्रों में आक्रोश फैल गया। अरावली, मेघनाथ और बीडीए छात्रावास में रहने वाले छात्र पिटाई की बात सुनकर हॉस्टल से बाहर जमा होने लगे। मारपीट करने वालों में शामिल छात्र संगठन के पदाधिकारियों से भिड़ गए। जानकारी मिलने के बाद तीनों हॉस्टलों के वार्डन प्रो. एके सिंह, डॉ. अजीत सिंह और प्रो. सौरव मिश्रा के अलावा चीफ प्रॉक्टर प्रो. रवींद्र सिंह, सुरक्षा प्रभारी सुधांशु शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस को बुलाकर छात्रों को हॉस्टल में खदेड़ा गया। पूरे मामले पर विवि का कोई जिम्मेदार बोलने को तैयार नहीं था, मीडिया सेल से संपर्क करने पर भी जवाब नहीं आया।।
बरेली से कपिल यादव
