बरेली। मंडल के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी ने शनिवार की सुबह भरतौल गांव के हेल्थ सब सेंटर का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य केंद्र में गंदगी देख नंदी नाराज हो गए सीएमओ को मौके पर ही फटकार लगाई। इसके साथ ही व्यवस्था सुधारने की हिदायत दी। उसके बाद सार्वजनिक शौचालय का जायजा लिया। वहां भी नंदी को गंदगी मिली। मंत्री ने साफ सफाई के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने भरतौल के सरकारी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षा 2 मे पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं से उनके नाम पूछे और ब्लैक बोर्ड पर लिखे शब्दों को पढ़वाया। सभी छात्र-छात्राओं ने उन शब्दों को पढ़ कर सुनाया। सरकारी प्राइमरी स्कूल की व्यवस्था की जमकर तारीफ की। बच्चों ने भी अंग्रेजी भाषा में मंत्री से बात की और उनको कविता भी सुनाई। मंत्री को प्रधानाध्यापिका ने अवगत कराया कि विद्यालय मे कक्षा 1 से 5 तक तक कुल 229 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। उन्होंने प्रधानाध्यापक से कहा कि इस कार्य मे कुछ और बेहतर किए जाने का प्रयास करे। जिससे कि शिक्षा का स्तर और बेहतर हो सके। उन्होंने स्मार्ट क्लास रुम मे अध्यापिका द्वारा बच्चों को पढ़ाते देखा और कहा कि बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ साथ सामान्य ज्ञान की भी जानकारी दी जाए। जिससे बच्चों का भविष्य और स्वर्णिम बन सके। आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्था भी ठीक पाई गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने अवगत कराया कि आंगनबाड़ी केन्द्र मे 6 माह से 3 वर्ष तक 73 बच्चे, 3 वर्ष से 6 वर्ष तक 28 बच्चे तथा गर्भवती-धात्री 26 महिलाएं पंजीकृत है। विद्यालय के गेट के बाहर बने सामुदायिक शौचालय का भी निरीक्षण किया और जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि नियमित रूप से इसकी साफ सफाई कराया जाए। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री तथा विधायक बिथरी चैनपुर डॉ. राघवेन्द्र शर्मा ने प्राथमिक विद्यालय भरतौल के प्रांगण में पौधारोपण भी किया। इसके उपरांत मंत्री ने ग्राम भरतौल मे बने पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया और पंचायत भवन की साफ सफाई आदि की व्यवस्था को देखा और निर्देश दिए कि पंचायत को और हरा भरा रखने के लिए वृक्षारोपण कराया जाए। प्रभारी मंत्री भरतौल का निरीक्षण करने के बाद व्यक्तिगत कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए रवाना हो गए। निरीक्षण के दौरान डीएम शिवाकान्त द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बलवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर डॉ. आरडी पाण्डेय, उप जिलाधिकारी सदर कुमार धर्मेन्द्र, जिला पंचायत राज अधिकारी धर्मेंद्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विनय कुमार सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
