बरेली। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के संचालन को लेकर नगर निगम में सोमवार को बैठक हुई। अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय की अध्यक्षता में शहर की स्वच्छता व्यवस्था से जुड़े इस अहम प्रोजेक्ट के लिए चयन प्रक्रिया को लेकर 9 कंपनियों में से 8 कंपनियों ने ऑनलाइन प्रजेंटेशन दिया। मंगलवार को कमेटी अपना फैसला तय करेगी। इसके बाद जो भी कंपनी तय होगी उसको जिम्मेदारी दी जाएगी। सोमवार को नगर निगम स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय में वर्चुअल बैठक में कुल 8 कंपनियों ने हिस्सा लिया। जिन्होंने अपने-अपने तकनीकी प्रोजेक्ट, संचालन मॉडल, मशीनरी और पूर्व अनुभव से जुड़ी जानकारी नगर निगम अधिकारियों के सामने प्रस्तुत कर रही है। पर्यावरण अभियंता राजीव कुमार राठी ने बताया कि कंपनी का चयन पूरी तरह तकनीकी क्षमता और पूर्व अनुभव के आधार पर किया जाएगा। मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी का स्पष्ट कहना है कि जिस कंपनी ने बेहतर और प्रभावी प्रजेंटेशन दिया और प्लांट संचालन के लिए सबसे उपयुक्त मानी जाएगी, उसी को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। अपर नगर आयुक्त शशिभूषण राय नेकहा कि कंपनी तय होने के बाद प्लांट में कूड़ा निस्तारण के लिए आधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी, जिससे कचरे का वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल तरीके से निस्तारण किया जा सकेगा। नगर निगम इसे शहर में स्वच्छता व्यवस्था सुधारने की दिशा मे एक बड़ा और अहम कदम मान रहा है।।
बरेली से कपिल यादव
