सीतापुर हाईवे पर खतरे मे जान, वाहन भर रहे रफ्तार, जान जोखिम मे डालकर सफर कर रहे लोग

फरीदपुर, बरेली। बारिश के दौरान सीतापुर हाईवे कई जगह बुरी तरह से दरक गया है। फरीदपुर से फतेहगंज पूर्वी के हुलासनगरा तक हाईवे बेहद खराब है। लोग जिंदगी दांव पर लगाकर सफर करने को मजबूर है। लगातार बारिश की वजह से हाईवे का निर्माण कार्य अटक गया है। हाईवे पर कई जगह लोग जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर है। आपको बता दें कि फरीदपुर के निर्माणाधीन टोल प्लाजा के अधूरे निर्माण में कई जगह बगैर संकेतक लगाए रोड को डायवर्जन कर दिया है। जिससे यह इलाका हादसों का जोन बन गया। इसके बाद कुछ ही दूरी पर गौसगंज पुलिया पर हाईवे पर जलभराव होने से वाहनों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फरीदपुर के क्षतिग्रस्त बाईपास की एक लेन धंसने की वजह से पहले से ही बंद चल रही थी। तीन दिन बारिश के दौरान दूसरी लेन की मिट्टी बह गई। जिस कारण सड़क पूरी तरह से दरक गई है। गुरुद्वारे के ओवरब्रिज की मिट्टी बहने की वजह से एक लेन पूरी तरह से बंद कर दी गई। दूसरी लेन से दोनों ओर का ट्रैफिक चलाया जा रहा है। वह लेन भी कई जगह मिट्टी बहने की वजह से दरक चुकी है। निकसुआ, द्वारिकेश चीनी मिल और फतेहगंज पूर्वी के ओवर ब्रिज के हालात बेहद खराब है। ओवर ब्रिजों की दोनों ओर लगाई गई मिट्टी सर्विस लेन पर पहुंच गयी। फतेहगंज पूर्वी के ओवरब्रिज की मिट्टी बहने के बाद सर्विस लेन दलदल में तब्दील हो चुकी है। सर्विस लेन से निकलने वाले वाहन दलदल में फंसकर पलट रहे है। फरीदपुर से फतेहगंज पूर्वी तक के ओवरब्रिजों के दोनों ओर सुरक्षा रेलिंग नही लगाई गई। जिससे तमाम वाहन ओवरब्रिज से सर्विस लेन पर आकर गिर चुके है। बहगुल नदी के पुल को जोड़ने वाली दोनों ओर की सड़क कई जगह धंस गई है। हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भरने से वाहन फंसकर गिर रहे है। सीतापुर हाईवे पर 12 साल से ऐसे ही हालत है। एनएचएआई ने फरीदपुर के रजऊ परसपुर से सीतापुर तक की 254 किलोमीटर हाईवे को फोरलेन करने के लिए गजट जारी किया। इसके बाद किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया गया। एनएचएआई में एरा इंफ्रा को फोरलेन निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी। कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य के लिए पूरा हाईवे खोदकर डाल दिया। इरा इंफ्रा हाईवे का अधूरा निर्माण छोड़कर भाग गई। जिसके बाद से लोग क्षतिग्रस्त हाईवे पर हादसे का शिकार हो रहे है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।