बरेली। भोजीपुरा से सपा विधायक शहजिल इस्लाम के पेट्रोल पंप पर बीडीए का बुलडोजर चल गया है। गुरुवार को बीडीए की टीम ने सुबह करीब 11 बजे शहजिल इस्लाम के पेट्रोल पंप पर पहुंच गई और उसे ध्वस्त करने लगी। जिस समय यह पेट्रोल पंप ध्वस्त किया जा रहा था। उस वक्त भी लोग यहां पर पेट्रोल-डीजल भरवा रहे थे। सभी को रोककर वहां से हटाया गया। इसके बाद उसे ध्वस्त कर दिया गया। सिर्फ मशीनें ही छोड़ी गई है। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या मे फोर्स तैनात रही। पुलिस के साथ ही पीएसी के जवान भी मुस्तैदी से डटे रहे। अफसरों को जमीन सीलिंग की होने की भी जानकारी मिली है। इसकी जांच कराई जा रही है। आपको बता दे कि दो अप्रैल को एक कार्यक्रम के दौरान भोजीपुरा से सपा विधायक शहजिल इस्लाम नेे भड़काने वाला भाषण दिया था। सपा विधायक ने कहा था कि पिछले कार्यकाल मे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन में हम लोगों से गलत व्यवहार किया। हमारी संख्या कम थी लेकिन, इस बार मजबूत विपक्ष है। उनकी आवाज निकलेगी तो हमारी बंदूकों से गोली चलेगी। इस भाषण के बाद सपा विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। गुरुवार को बरेली रामपुर रोड पर स्थित सपा विधायक शहजिल इस्लाम के आवास के पास बना पेट्रोल पंपर को अवैध मानते हुए बरेली विकास प्राधिकरण ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की है। सपा विधायक को प्राधिकरण ने 2020 में नोटिस जारी किया था। विधायक के वकील ने इसमें कुछ दिन का समय मांगा था और मामला टालते रहे। प्राधिकरण की तरफ से नोटिस की कार्रवाई जारी रही। बीडीए के अधीक्षण अभियंता राजीव दीक्षित ने बताया कि प्राधिकरण की तरफ से शहजिल इस्लाम को कई बार नोटिस दिए गए पर उनकी तरफ से कोई पक्ष नहीं रखा गया। हाईकोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने एक दस्तावेज प्राधिकरण को उपलब्ध कराए पर उन दस्तावेजों से प्राधिकरण का कोई मतलब नही था। प्राधिकरण ने शहजिल इस्लाम को 16 दिन के अंदर अवैध निर्माण को खुद ही ध्वस्त करने का नोटिस दिया था। इसके बावजूद उन्होंने अवैध निर्माण को ध्वस्त नही किया। गुरुवार को प्राधिकारण के प्रवर्तन दल व कई थानों की पुलिस ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की है। बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि कई बार शहजिल इस्लाम को नोटिस दिया गया था पर उनकी तरफ से कोई पैरवी न किए जाने पर प्राधिकरण ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की है।।
बरेली से कपिल यादव
