नवाबगंज, बरेली। दोस्तों के साथ घूमने निकले बीसलपुर निवासी 28 वर्षीय युवक का शव शुक्रवार को नवाबगंज क्षेत्र मे नए पुल के पास नदी से बरामद हुआ। परिजनों ने दोस्तों पर शराब पीने के दौरान विवाद के बाद गला घोंटकर हत्या करने और शव नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र के दुर्गा प्रसाद मोहल्ला निवासी निवासी शिवम शर्मा पिता राम सहाय 19 सितंबर को घर से निकला था। उसने मां बिट्टो देवी से कुछ देर में लौटने की बात कही थी लेकिन वापस नही आया। परिजनों के मुताबिक शिवम अमरा गांव निवासी दोस्त रजनीश और मिथुन के साथ घूमने निकला था। बाद में खंजनपुर निवासी हरीश भी उनके साथ हो लिया था। परिजनों का आरोप है कि चारों दोस्तों ने साथ में शराब पी। इसी दौरान शिवम का साथियों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई और शव नवाबगंज-बिजौरिया के बीच बथुआ की ओर नदी में फेंक दिया गया। शुक्रवार को नदी मे शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शिनाख्त कराई। शव शिवम का होने की पुष्टि हुई। तीन बहनों का इकलौता भाई था शिवम: मृतक शिवम तीन बहनों में इकलौता भाई था। तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। बेटे की मौत की खबर से मां बिट्टो देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।।
बरेली से कपिल यादव
