आंवला, बरेली। शराबियों के द्वारा छेड़छाड़ और अभद्रता से तंग आकर महिलाओं ने शराब की दुकानों को हटाने की मांग करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। गांव कसूमरा मे देसी और अंग्रेजी शराब की दुकाने आमने-सामने है। गांव की महिलाओं का आरोप है कि दुकानों के कारण गांव का माहौल खराब हो चुका है। दुकान संचालक नियमों को ताक पर रखकर खुलेआम शराब पिलाते हैं। दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे रास्ते से गुजरने वाली महिलाओं और युवतियों पर शराबी फब्तियां कसते हैं। आए दिन छेड़छाड़ और अभद्रता की घटनाएं होती हैं। महिलाओं ने 30 जुलाई को दोनों दुकानों को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। उस समय अधिकारियों ने जल्द दुकानें स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे गुस्साई महिलाओं ने शुक्रवार को फिर से प्रदर्शन किया। आरोप है कि इस दौरान एक दरोगा ने ग्रामीणों व बच्चों से अभद्रता की। जिससे माहौल गर्मा गया। मौके पर मौजूद उच्च अधिकारियों और महिला पुलिस बल ने स्थिति को संभालते हुए मामला शांत कराया। सूचना पर तहसीलदार अतुल सेन सिंह, आबकारी निरीक्षक बृजेश यादव और कोतवाल बीनू सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिलाओं से वार्ताकर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया। आबकारी निरीक्षक बृजेश यादव ने बताया कि दोनों शराब की दुकानों को स्थानांतरित करने के लिए नया स्थान चिह्नित कर लिया गया है और कुछ ही दिनों के भीतर दुकानों को वहां शिफ्ट कर दिया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
