विश्वप्रसिद्ध रामलीला: श्रीराम की शोभायात्रा का जगह जगह हुआ फूलो से स्वागत

बरेली। श्रीराम-रावण युद्ध के अंतिम दिन जब भगवन श्रीराम ने ब्रह्मास्त्र का संधान करके लंका के राजा रावण को मार गिराया तब वह श्रीराम का नाम लेता हुआ रथ समेत भूमि पर गिर पड़ा। इसके पश्चात उसका छोटा भाई विभीषण, पत्नियाँ, प्रजागण इत्यादि प्रलाप करने लगे। भगवान श्रीराम उन सभी को समझाने का प्रयास कर रहे थे कि इसी बीच लंका के राज परिवार का एकमात्र जीवित पुरुष माल्यवान लंका के राजा का मुकुट, राजसी तलवार लेकर वहां पहुंचे। रावण के नाना माल्यवान ने श्रीराम के सामने आत्म-समर्पण किया तथा रावण की मृत्यु के पश्चात लंका की पराजय स्वीकार की। उन्होंने कहा कि अब से वे सभी उन्हें लंका का स्वामी स्वीकार करते है। पर श्रीराम ने सभी के सामने माल्यवान जी का अनुरोध अस्वीकार कर दिया तथा उन्हें बताया कि उन्होंने यह युद्ध लंका पर आधिपत्य स्थापित करने या लंकावासियों को अपने अधीन करने के लिए नही लड़ा। उन्होंने तो यह युद्ध पापियों का सर्वनाश करने तथा अपनी पत्नी सीता को रावण के चंगुल से छुड़ाने के लिए लड़ा था। युद्ध से पहले ही वे रावण के छोटे भाई तथा धर्म के ज्ञाता विभीषण को लंका का राजा मान चुके हैं। विभीषण को वहां का राजा बनाकर अपनी पत्नी सीता, भाई लक्ष्मण तथा अन्य लोगों के साथ अयोध्या के लिए पुष्पक विमान से चल दिये। लंका विजय से लौट कर प्रभु श्री राम, सीता जी और लक्ष्मण जी का अयोध्या में जोरदार स्वागत हुआ, माताओं ने उनकी आरती उतारी, उनके साथ लंका के राजा विभीषण, वानर राज सुग्रीव, नल, नील, जामवंत और युवराज अंगद तथा हनुमान जी भी आये। प्रभु श्री राम ने एक एक कर अपने वनवासी मित्रों का परिचय गुरु वशिष्ठ से कराते हुए बताया कि बिना इन सबके सहयोग के राक्षसों को मार पाना मुश्किल था। माता कौशल्या ने भी उन सबको पुत्रवत मानते हुए आशीर्वाद दिया। सभी वनवासी मित्रों के साथ प्रभु श्री राम अपने महल की ओर चले तो अयोध्या वासी इस अलौकिक दृश्य को देखने के लिए घरों की छतों पर चढ़ गए और इस अलौकिक दृश्य को देखने लगे। सभी लोगों ने मंगल के लिए दरवाजों पर वंदनवार, ध्वजा और पताकाएं लगा दीं। स्त्रियां व युवतियां उनकी आरती करने को व्याकुल हो गईं। इस बीच गुरु वशिष्ठ ने ब्राह्मणों को बुलवाया और कहा कि आज शुभ घड़ी, सुंदर दिन और सभी शुभ योग हैं। आप सब अनुमति दें ताकि श्री रामचंद्र राज सिंहासन पर विराजमान हों। ब्राह्मणों ने भी कहा कि श्री राम का राज्याभिषेक पूरे जगत को आनंद देने वाला है इसलिए इस काम में अब देरी नहीं करना चाहिए।
शहर के कई क्षेत्रों से आज ये शोभायात्रा गुज़री। जगह-जगह पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत-सत्कार किया। शाम को साहूकारे क्षेत्र पर भरत मिलाप की लीला हुई। कल राज्याभिषेक के साथ लीला का विधिवत समापन होगा। शोभायात्रा में श्री रामलीला सभा के समस्त पदाधिकारी और सैकड़ों रामभक्त अध्यक्ष सर्वेश रस्तोगी के नेतृत्व में साफा बांधे चल रहे थे।

– बरेली से सचिन श्याम भारतीय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।