बरेली। डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली से जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस मे एक आर्मीमैन ने दस साल की बच्ची से अश्लीलता की। रात एक बजे की घटना है। लखनऊ से ट्रेन चली तो कंट्रोल को सूचना दी गई। हॉलांकि आरोपी यात्री लखनऊ में ही उतर गया। सोमवार की सुबह बरेली ट्रेन पहुंची। यहां जीआरपी ने पीड़ित मां-बेटी से बातचीत की। परिवार का वीडियो बनाया। बच्ची की मां ने तहरीर दी। जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि मामले की जांच छपरा जीआरपी करेगी। घटना छपरा से शुरू हुई थी। आपको बता दें कि आसाम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली एक महिला राजधानी एक्सप्रेस से अपनी दस साल की बच्ची के साथ दिल्ली जा रही थी। एसी थ्री के कोच संख्या पांच मे पहले से ही एक फौजी बैठा था। आरोप है कि यात्रा के दौरान फौजी बच्ची से अश्लील इशारे करता रहा। रविवार की रात चलती ट्रेन में आर्मी मैन ने उनकी बेटी से अश्लील हरकत की। इसकी शिकायत की गई तो छपरा स्टेशन पर पुलिस आई थी। आर्मीमैन ने माफी मांग ली। कहा, नौकरी चली जाएगी। रात्रि का समय था। इसलिए संकोच कर गई। कार्रवाई नहीं कराई। छपरा से चलने के बाद फिर आर्मीमैन ने बेटी को देखकर हरकत की थी। पीड़िता ने शिकायत में कहा है कि दोपहर से लेकर रात तक आरोपी ने इशारे किए। जिसकी जानकारी आसपास बैठे अन्य यात्रियों ने उसे दी। जिस पर महिला ने विरोध किया। जिसके बाद आरोपी फौजी उतर कर रास्ते में फरार हो गया। टीटीई के माध्यम से सुबह 6 बजे रेल कंट्रोल को सूचना दी गई। इससे पहले की कुछ हो पाता ट्रेन लख़नऊ से निकल चुकी थी। सुबह 9:15 बजे ट्रेन बरेली पहुंची। यहां कंट्रोल की सूचना पर जीआरपी इंस्पेक्टर के नेतृत्व में एसआई टीकम सिंह ने पीड़ित परिवार से बातचीत की। ट्रेन के बरेली पहुंचने पर महिला ने जीआरपी बरेली को तहरीर देकर अज्ञात फौजी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जीआरपी इंस्पेक्टर विजय सिंह राणा ने बताया कि पूरा घटनाक्रम बिहार के छपरा का है। उन्होंने कहा कि महिला की ओर से मिली तहरीर के आधार पर छेड़छाड़ और पास्को एक्ट में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी गई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि फौजी की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही जानकारी जुटाने के बाद उसे गिरफ्तार किया जाएगा। फौजी की सीट संख्या के आधार पर उसके आरक्षण में दी जाने वाली डिटेल निकलवाई जा रही है। आरक्षण विभाग की ओर से फौजी की डिटेल आने के बाद एक टीम उसके दिए गए पते पर जाकर दबिश देगी। वहीं महिला ने बताया कि बच्ची के साथ हुई इस घटना के बाद वह भी पूरी तरह से डर और सहम गई थी। उसे डर था कि खुला विरोध और पुलिस से शिकायत करने पर कहीं फौजी उसके साथ कोई और अपराधिक घटना न घटित कर दे। यही वजह है कि महिला ने चंद यात्रियों के साथ उसका विरोध जताया और अगला स्टेशन आने तक का इंतजार करने तक चुप बैठी रही। इस बीच ही फौजी कोच से निकलकर कहीं चला गया। जिसके बाद उसका कोई पता नहीं लगा। महिला ने बताया कि उसकी बिटिया कक्षा छह की छात्रा है।।
बरेली से कपिल यादव