महिला ने पति पर पेट्रोल डालकर लगाई थी आग, पत्नी समेत छह पर मुकदमा दर्ज

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। पांच दिन पूर्व घर में संदिग्ध हालत मे आग मे जलकर झुलसे युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के भाई का आरोप है कि पत्नी ने मायके वालों के साथ मिलकर उनके भाई पर पेट्रोल डालकर आग लगाई थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गत पांच दिन पूर्व मस्जिद की देखभाल करने वाले हाफिज अब्दुल कादिर के कपड़ों में आग लग गई थी। आग की लपटों में घिरा अब्दुल कादिर घर से निकल कर जान बचाने के लिए गली मे भागा। वह बुरी तरह जल गया। इससे उसकी मौत हो गई थी। लोगों में घरेलू कलह में आत्मदाह करने की चर्चा हो रही थी। मृतक के भाई ने ससुरालियों पर आरोप लगाते हुए इस मामले में थाने में तहरीर दी है। कस्बे के मोहल्ला सराय निवासी भाई अब्दुल खालिक ने पुलिस को दी तहरीर मे कहा कि उनके भाई अब्दुल कादिर की शादी चार साल पहले कस्बे के मोहल्ला अंसारी निवासी सादमा से हुई थी। आरोप लगाया कि शादी के बाद से सादमा और उसके पिता रियासत, भाई अली हुसैन, आसिफ, साजिद और शाहिद उनके भाई को प्रताड़ित करने लगे थे। आरोपियों ने 26 जुलाई को कादिर को मारपीट कर घर से भगा दिया। उनका भाई अगले दिन घर आया। आरोप है कि गत 28 जुलाई की दोपहर करीब 12:30 बजे आरोपियों ने कादिर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जान बचाने के लिए उनका भाई गली में भागा। मोहल्ले के लोगों ने उसके कपड़ों में लगी आग बुझाई थी। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान 29 जुलाई को कादिर की मौत हो गई। आरोप है घटना के बाद सादमा घर से जेवर और अन्य सामान भी ले गई। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद है। चौकी प्रभारी आदेश कुमार ने बताया पुलिस ने भाई की तहरीर पर आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच कर साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करेगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *