फतेहगंज पश्चिमी/ बरेली। शुक्रवार को जिले में मौसम पल पल बदलता रहा। कुछ ऐसा ही हाल आसपास के अन्य जिलों में रहा। शुक्रवार की सुबह से ही बादलों और धूप के बीच लुका छुपी का खेल देखने को मिला। कभी धूप खिली नजर आई तो कभी बादल छाए नजर आए। इसके साथ शीतलहर का असर भी देखने को मिला। ऐसे में मौसम ठंडा रहा। हालांकि पिछले 2 दिनों की अपेक्षा शुक्रवार को कम ठंड थी। बरेली और आसपास के जिलों में अनिश्चित मौसम की वजह से सभी जिले ऑरेंज जोन में आ गए है। अब खानपान और रहन-सहन को लेकर सतर्कता बरतने की लोगों को जरूरत है। सर्दी से राहत पाने के लिए शहर में कई लोगों ने जगह-जगह सुबह से ही अलाव जला रखे थे। जिले में शुक्रवार को आसमान साफ रहा कभी धूप खिली तो बादल छाए रहे। दिनभर चली ठंडी हवा ने लोगों को परेशान किया। हालांकि कुछ लोग परिवार के साथ मौसम का आनंद लेते देखे गए। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान गुरुवार को 17.9 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री कम रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस तक रहा। यह सामान्य से दो डिग्री कम रहा था। हालांकि बुधवार के मुकाबले यह करीब एक डिग्री सेल्सियस अधिक था। आद्रता 66 फीसद दर्ज की गई है। मकर संक्रांति पर से बसंत ऋतु की दस्तक भी शुरू हो चुकी है। अब सर्दी का असर धीरे-धीरे कम होने लगेगा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा। वहीं न्यूनतम तापमान भी छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जाएगा। इसी के साथ धीरे-धीरे शीतलहर का असर भी कुछ कम होगा। हालांकि सुबह और रात को खुले इलाके में कोहरा दिखेगा।।
बरेली से कपिल यादव