राजस्थान/बाड़मेर- आम आदमी पार्टी बाड़मेर विधानसभा के जिला कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक जिला कोऑर्डिनेटर भगवानसिंह लाबराऊ की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में आम आदमी पार्टी राजस्थान नवनिर्माण संगठन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही जिले में संगठन निर्माण को गति देने एवं आगामी निकाय चुनावों में पार्टी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ठोस रणनीति तय की गई।
जिला कोऑर्डिनेटर भगवानसिंह लाबराऊ ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी जनहित और पारदर्शिता की राजनीति में विश्वास रखती है। राजस्थान में संगठन को नई मजबूती देने के लिए जिले स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी आने वाले समय में निकाय चुनावों में मजबूती से भाग लेगी और भ्रष्टाचार, बेरोजगारी तथा जनसमस्याओं को मुद्दा बनाकर जनता की आवाज को बुलंद करेगी।
बैठक में वरिष्ठ नेता दलपतसिंह राव ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सदैव गरीब, किसान, मजदूर और आम आदमी के हक की लड़ाई लड़ी है। बाड़मेर जिले में भी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को आगे आना होगा।पूर्व लोकसभा अध्यक्ष हजारीदान उज्ज्वल ने कहा कि जनता का विश्वास ही आम आदमी पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है। आने वाले निकाय चुनावों में इस विश्वास को जीत में बदलना होगा।
बैठक में पूर्व जिला सचिव दीपक बिश्नोई ने संगठन को युवाओं से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। लतीफखान, नरेशकुमार, नरेंद्रसिंह भाटी, रूपाराम मंसूरिया, उम्मेदसिंह सोढा, पन्नाराम सारण, भोमाराम कड़वासरा, नानकराम कागा, संतोष बिश्नोई, रामस्वरूप, अमृतलाल सुथार, चंपालाल गर्ग, रणवीर प्रजापत और सुरेश सहित दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं ने बैठक में भाग लिया और अपने विचार साझा किए।
कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि आम आदमी पार्टी को जिले में मजबूत बनाने के लिए गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक पहुंच बनाई जाएगी। सभी ने यह भी संकल्प लिया कि निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी को विकल्प के रूप में प्रस्तुत कर जनता की आकांक्षाओं को पूरा किया जाएगा।बैठक के दौरान कई प्रस्ताव पारित किए गए जिनमें संगठन का विस्तार, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना तथा चुनावी रणनीति तैयार करना प्रमुख रहा। बैठक का समापन जिला कोऑर्डिनेटर भगवानसिंह लाबराऊ के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
– राजस्थान से राजूचारण
