बरेली सेंट्रल जेल लाया गया बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह, सेंट्रल जेल आने से पहले मिली जमानत, जल्द हो सकती है रिहाई

बरेली। जनपद जौनपुर के पूर्व सांसद बाहुबली धनंजय सिंह को जौनपुर से बरेली सेंट्रल जेल मे शिफ्ट करने से पहले ही जमानत मिल गई। धनंजय को लेकर पुलिस बरेली रवाना हुई। इससे पहले शनिवार की दोपहर हाईकोर्ट का फैसला आ गया। धनंजय की जमानत मंजूर कर ली गई लेकिन चुनाव नही लड़ पाएंगे। हाईकोर्ट ने सजा पर रोक से इन्कार कर दिया है। पूर्वाचल के बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह को शनिवार को जौनपुर जेल से बरेली सेंट्रल जेल मे शिफ्ट कर दिया गया। जौनपुर से भारी सुरक्षा व्यवस्था के साथ बरेली पहुंचे पूर्व सांसद के पीछे दर्जनों समर्थक भी थे। यहां सेंट्रल जेल पर भी पहले से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। पूर्व सांसद को मीडिया कर्मियों से भी बातचीत नही करने दी गई। धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला जौनपुर से बसपा के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ रही हैं। कई लोगों ने जौनपुर जेल में रहते हुए धनंजय सिंह के चुनाव प्रभावित करने की आशंका जताई थी। इसके बाद धनंजय को जौनपुर से बरेली जेल में शिफ्ट कर दिया। शाम करीब साढ़े छह बजे भारी सुरक्षा के बीच एंबुलेंस से यहां पहुंचे पूर्व सांसद को कई दिन से बुखार पीड़ित बताया जा रहा है। सेंट्रल जेल पर इस दौरान इज्जतनगर पुलिस के अलावा भारी पुलिस बल तैनात रहा। धनंजय सिंह के खिलाफ अलग-अलग थानों में 41 मुकदमे दर्ज थे जिनमें से 31 मुकदमों में अदालत उसे बरी कर चुकी है। 10 मुकदमे विचाराधीन हैं। इनमें से आठ मुकदमे जौनपुर में ही चल रहे हैं। एक दिल्ली के थाना चाणक्यपुरी और एक लखनऊ के थाना विभूति खंड में भी दर्ज है। धनंजय को जौनपुर के जिला न्यायालय से सात वर्ष की सजा और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। इस केस में शनिवार सुबह ही हाईकोर्ट ने धनंजय सिंह की जमानत मंजूर की है। जल्द उसकी जेल से रिहाई की उम्मीद जताई जा रही है। माना जा रहा है कि कोर्ट में अभियोजन पक्ष की दलील बेअसर रही। धनंजय सिंह को जौनपुर से पुलिस का छह वाहनों का काफिला लेकर बरेली पहुंचा। पीछे समर्थकों की 16 गाड़ियां भी थीं। धनंजय सिंह के समर्थक विकास ने कहा कि रास्ते में कुछ भी हो सकता था, इसलिए वे लोग साथ में आए हैं। ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह ने बताया कि धनंजय उनके रिश्तेदार हैं। उन पर झूठे केस दर्ज कराए गए हैं। धनंजय की बढ़ती लोकप्रियता से विरोधी डरे हुए है। बरिष्ठ जेल अधीक्षक सेंट्रल जेल अविनाश गौतम ने बताया कि धनंजय सिंह को सेंट्रल जेल में निरुद्ध किया गया है। उसे हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।