बरेली। सीएम योगी की नवाबगंज और बहेड़ी विधानसभा की जनसभा खराब मौसम की भेंट चढ़ गई। बुधवार की सुबह से बहेड़ी विधानसभा मे रुक रुककर बारिश हो रही है। पहले चरण का चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद अब स्टार प्रचारकों का रुख दूसरे चरण की विधानसभा सीटों पर है। इसी कड़ी में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बरेली दौरे पर आना था और बहेड़ी व नवावगंज विधानसभा सीटों पर सभाएं करनी थी लेकिन खराब मौसम की वजह से वह नहीं आ सके। सुबह से हो रही बारिश दिन भर जारी रही। इसके चलते मुख्यमंत्री राजधानी से ही नही निकल पाए। सीएम का बरेली दौरा रद होने के बाद आनन फानन मे बहेड़ी के रामलीला ग्राउंड मे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वर्चुअल रैली का इंतजाम किया गया। अपने वर्चुअल संबाेेधन की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने सबसे पहले दौरा रद होने को लेकर लोगों से माफी मांगी। कहा बहुत दुख के साथ कार्यक्रम रद करना पड़ा हालांकि मुख्यमंत्री बारिश के बावजूद भीड़ को देखकर गदगद नजर आए। अपने संबाेेधन में उन्होंने सपा पर जमकर हमला बोला। कहा कि भाजपा ने इन अवैध कब्जा पर बुलडोजर चलवाया तो अखिलेश परेशान हो गए। दंगा-फसाद करने वाले अब बिलों में डुबक कर बैठे हैं। पहले यह सपा सरकार के संरक्षण में थाने मे पैर फैलाकर बैठते थे। सीएम योगी ने बरेली के दंगों को याद करते हुए कहा कि पांच साल पहले यूपी मे दंगे पे दंगे हुआ करते थे। वर्ष 2012 -2017 लगभग तक 8 बार बरेली में दंगे हुए थे। पिछले पांच सालों मे बरेली में एक भी दंगा नही हुआ। यह चुनाव प्रदेश को नई दिशा देने का है। सुरक्षा व निवेश का नया माहौल दिया है। आज बड़े धूमधाम से कांवड़ यात्रा निकाली जाती है। पहले हालात यह थे कि कर्फ्यू लग जाता था। अब किसी माई के लाल मे हिम्मत हो तो कांवड़ यात्रा रोककर दिखाए। अब बेटियां बेधड़क स्कूल जाती हैं। अपराधियों को उनकी सही जगह पर पहुंचा दिया है। दंगे करने वाले जेल में हैं। पहले यही अराजक तत्व माहौल बिगड़ते थे। कानून का राज जरूरी है। सीएम योगी ने कहा कि भाजपा ने बहेड़ी विधानसभा से छत्रपाल गंगवार को अपना प्रत्याशी बनाया है। छत्रपाल ने बहेड़ी विधानसभा सीट के विकास के लिए अपनी पूरी ताकत लगाई है और उन्होंने बहेड़ी के विकास के लिए भरसक प्रयास किये। डबल इंजन की सरकार सबको सुरक्षा दे रही है। डबल इंजन की सरकार प्रदेश को नंबर एक बनाने मे जुटी है। जय श्री राम के कहने के साथ मुख्यमंत्री ने संबोधन समाप्त किया।।
बरेली से कपिल यादव