पुलिस महानिदेशक ने साइकिल से भ्रमण करके पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

हरियाणा/पंचकूला – हरियाणा पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने अपने दो दिवसीय मधुबन पुलिस परिसर के दौर पर आज हरियाणा सशस्त्र पुलिस मधुबन के कार्यालयों, आवासीय एवं खेल सुविधाओं का जायजा लिया और इनके विकास के लिए मार्गदर्शन किया। उन्होंने मधुबन परिसर में एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने के लिए साइकिल का प्रयोग करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। वीरवार को वे हरियाणा पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण सुविधाओं का निरीक्षण करेंगे। पुलिस महानिदेशक का मधुबन परिसर का यह पहला औपचारिक दौरा है। इस दौरे से लंबित कार्यो को समय पर पूरा करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

डीजीपी मनोज यादव ने यहां पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण करते हुए कहा कि हमें वर्तमान और भविष्य के लिए पर्यावरण के संरक्षण में बढ़-चढक़र भागीदारी करनी है। मधुबन पुलिस परिसर पेड़-पौधों से हरा-भरा सुंदर परिसर है। उन्होंने कहा पेड़-पौधों में बढ़ोतरी के साथ हमें पर्यावरण हितैषी जीवन-शैली को भी अपनाना होगा। परम्परागत उर्जा के स्थान पर गैर-परम्परागत उर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना होगा। डीजीपी के साथ हरियाणा पुलिस अकादमी के निदेशक आलोक कुमार राय, अकादमी के ट्रेनिंग एडवाइजर एवं पूर्व पुलिस महानिरीक्षक सतप्रकाश रंगा, हरियाणा सशस्त्र पुलिस मधुबन के महानिरीक्षक वाई पूर्ण कुमार व अन्य अधिकारियों ने भी वृक्षारोपाण किया।

आज के कार्यक्रम में डीजीपी मनोज यादव ने हरियाणा सशस्त्र पुलिस की विभिन्न ईकायों का निरीक्षण किया। उन्होंने जवानों के लिए आवासीय भवनों, सशस्त्रागार, भोजनालय,केंटीन, परिवहन शाखा अस्पताल, तरणताल का निरीक्षण किया और जवानों के हित में सुविधाओं के विकास के लिए निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे भवनों के निर्माण पर बल दिया जो पर्यावरण के अनुकूल हों । उन्होंने मधुबन परिसर में आधुनिक खेल उपकरण उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए।

हरियाणा सशस्त्र पुलिस मधुबन के निरीक्षण के दौरान अन्य अधिकारियों में हरियाणा सशस्त्र पुलिस की प्रथम वाहिनी अम्बाला के आदेशक राजेंद्र कुमार मीणा, द्वितीय वाहिनी मधुबन के आदेशक अशोक कुमार भारद्वाज, चतुर्थ वाहिनी के आदेशक विनोद कुमार कौशिक, पंचम वाहिनी के आदेश सुरेंद्रपाल सिंह, हरियाणा पुलिस आवास निगम के अधीक्षक अभियंता केएन भट्ट व एक्सइन संजीव कुमार भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।