आंवला, बरेली। एक साइबर ठग ने पुलिस अधिकारी बनकर एक महिला से बेटे को छुड़ाने के नाम पर दो लाख रुपए ठग लिए। महिला ने शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना क्षेत्र के ग्राम चम्पतपुर की राजकुमारी ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा अतुल चंदौसी की एक प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी करता है। 26 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई, जिसमें साइबर ठग ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए कहा कि उनका बेटा अतुल नाबालिग लड़की से जुड़े मामले में पकड़ा गया है और पुलिस हिरासत में है। उसे छुड़वाने चाहती हैं तो तत्काल दो लाख रुपए बताए खातों में डाल दें। यह सुनकर महिला के होश उड़ गए बेटे को मुसीबत से बचाने की चिंता मे महिला ठग के झांसे मे आ गई। उसने दो लाख रुपयें रामनगर रोड स्थित एक जनसेवा केंद्र के माध्यम से ठग के बताए खातों जमा करा दिए। अगले दिन जब अतुल घर पहुंचा तो महिला ने बेटे से घटना के बारे में पूछा, तो बेटे ने ऐसी घटना से इंकार कर दिया। उन्होनें पुलिस को मामले की शिकायत दी है। कोतवाल बीनू सिंह ने बताया कि साइबर ठगी के मामले में राजकुमारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और कार्रवाई कराई जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
