बरेली। प्रोबेशन विभाग की संचालित विभिन्न योजनाओं में किसी प्रकार की कोई लापरवाही न हो। इसे सुनिश्चित करने के लिए सभी जुडे़ हुए विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाये। इसमें शिथिलता कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ये बाते जिला अधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट सभागार मे प्रोबेशन विभाग की योजनाओं व कार्य प्रगति की समीक्षा के दौरान कही। जिलाधिकारी ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कोविड/सामान्य, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मिशन शक्ति 4.0, पति की मृत्यु के उपरान्त निराश्रित पेंशन योजना, बाल श्रम अधिनियम आदि योजनाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी ने अल्पसंख्यक कल्याण विभाग एवं समाज कल्याण विभाग से छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान कार्ड बनाये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड/सामान्य) के अन्तर्गत सम्बन्धित उपजिलाधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारियों के स्तर पर लंबित आवेदनों के सम्बन्ध मे आपत्ति व्यक्त की एवं उनका शीघ्र निस्तारण कराये जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने उ.प्र. रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना के अन्तर्गत स्वास्थ्य व पुलिस विभाग के स्तर पर लंबित आवेदनों के निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने बाल संरक्षण योजना के अन्तर्गत गठित ब्लॉक स्तर पर बाल संरक्षण समिति, ग्राम बाल संरक्षण समिति की नियमित बैठक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि मिशन शक्ति 4.0 की कार्य योजना के अनुसार संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए शासन द्वारा प्रदत्त प्रारूप पर प्रतिदिन सूचना जिला प्रोबेशन कार्यालय की ई-मेल आईडी पर उपलब्ध कराएं। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग, अपर जिलाधिकारी नगर डॉ. आरडी पाण्डेय, अपर नगर आयुक्त सुनील कुमार यादव, जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी नीता अहिरवार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विनय कुमार, क्षेत्राधिकारी तृतीय सुश्री श्वेता कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरपाल, एएलसी श्रम विभाग एके सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी दीनानाथ द्विवेदी, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. श्वेता, प्रधानाचार्य, राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज दीप्ति, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति दिनेश चन्द्र सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
