पर्यावरण एवं वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने की विभागीय कार्यो की समीक्षा बैठक

बरेली । प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि बरेली जनपद में स्थापित विभिन्न उद्योगों के स्वामियों से सम्पर्क करके वन विभाग द्वारा आगामी वर्षा काल में बरेली नगर के विभिन्न मार्गो के किनारे किये जाने वाले वृक्षारोपण के लिए प्लास्टिक के ट्री-गार्ड प्राप्त करने का प्रयास किया जाएं।
माननीय मंत्री ने आज जनपद बरेली के वन विभाग, पर्यावरण विभाग के अधिकारियों के साथ सी0बी0गंज, बरेली स्थित कैम्प कार्यालय (प्रधान मुख्य वन संरक्षक और विभागाध्यक्ष) में बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में ललित कुमार वर्मा, मुख्य वन संरक्षक, रुहेलखण्ड जोन, उ0प्र0, बरेली, श्री जावेद अख्तर, मुख्य वन संरक्षक/प्रभारी वन संरक्षक एवं क्षेत्रीय निदेशक, बरेली समीर कुमार, प्रभागीय निदेशक, वन एवं वन्य जीव प्रभाग, बरेली, रोहित सिंह क्षेत्रीय अधिकारी, उ0प्र0 प्रदूषण नियन्त्रण बोर्ड बरेली, शशि बिन्दकर, पर्यावरण अभियन्ता उ0प्र0 प्रदूषण नियन्त्रण बोर्ड बरेली जितेन्द्र लाल, सहायक पर्यावरण अभियन्ता उ0प्र0 प्रदूशण नियन्त्रण बोर्ड बरेली, एस0के0अमरेष उप प्रभागीय वनाधिकारी,बरेली एवं अन्य सम्बंधित लोग उपस्थित रहे।
बैठक प्रारम्भ करने से पूर्व माननीय मन्त्री जी द्वारा रूद्राक्ष का पौधा रोपित किया गया। पौधारोपण के पश्चात मंत्री जी द्वारा विभागीय अधिकारियो के साथ समीक्षा में माननीय मंत्री जी ने पर्यावरण विभाग से सम्बन्धित अनापत्ति प्रमाण पत्रों के बारे में जानकारी प्राप्त की। पर्यावरण विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि उनके स्तर पर 40 अनापत्ति प्रमाण पत्र सम्बन्धी आवेदन पत्र लम्बित हैं, जिस पर उन्होंने निर्देश दिये कि इन आवेदन पत्रों का शीघ्र ही निस्तारण सुनिष्चित किया जाये, ताकि लोगों को रोजगार प्राप्त हो सके। यह भी निर्देश दिये कि विगत एक सप्ताह में पर्यावरण विभाग से जितने अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किये गये हैं, उनकी सूचना उपलब्ध कराई जाए।
माननीय मन्त्री डॉक्टर अरुण कुमार ने निर्देश दिये कि बरेली जनपद में स्थापित विभिन्न उद्योगों के स्वामियों से सम्पर्क करके वन विभाग द्वारा वर्षाकाल 2022 में बरेली नगर के विभिन्न मार्गो के किनारे किये जाने वाले वृक्षारोपण के लिए प्लास्टिक के ट्री-गार्ड प्राप्त करने का प्रयास किया जाएं। माननीय मंत्री ने वर्षाकाल 2022 में बरेली जनपद में किये जाने वाले वृक्षारोपण के लक्ष्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की। प्रभागीय निदेशक, वन एवं वन्य जीव प्रभाग, बरेली ने अवगत कराया कि वन विभाग एवं अन्य विभागों द्वारा वर्षाकाल 2022 में बरेली जिलें में 43 लाख पौधों का रोपण किया जायेगा। प्रभागीय निदेशक द्वारा अवगत कराया गया कि बरेली जिले में वन विभाग के 24 पौधालयों एवं निजी पौधालयों में 50 लाख पौध उपलब्ध हैं, जिनका उपयोग वर्षाकाल 2022 के वृक्षारोपण में किया जायेगा। माननीय मंत्री ने निर्देश दिये कि स्वतन्त्रता के 75 वर्ष पूर्ण होने पर जनपद बरेली के प्रत्येक ग्राम सभा में 75 पौधों का रोपण किया जाये। साथ ही यह भी निर्देश दिये कि विगत में जो वृक्षारोपण किया गया है, उनमें मृत पौधों के स्थान पर स्वस्थ एवं उचित प्रजाति के पौधों का रोपण अवष्य कर दिया जाये।
बरेली नगर में जू बनाने की सम्भावना के बारे में वन अधिकारियों से माननीय मन्त्री जी ने जानकारी प्राप्त की, उन्हें अवगत कराया गया कि बरेली जिले के फतेहगंज पश्चिमी स्थित बन्द पडी रबर फैक्ट्री की भूमि यदि वन विभाग को उपलब्ध हो जाये तो वह भूमि जू बनाने के लिए सर्वाधिक उपयुक्त रहेगी। माननीय मंत्री ने निर्देश दिये कि बरेली स्थित मयूर चेतना केन्द्र में औषधीय प्रजाति के पौधों का रोपण किया जाये तथा झूले आदि लगाकर बाउन्ड्री वाल की जाये ताकि वहाँ पर्यटकों के लिए एक पर्यटन स्थल उपलब्ध हो सके।
माननीय मंत्री जी ने पीलीभीत टाइगर रिजर्व में स्थापित किये जा रहे रेस्क्यू सेन्टर को 100 दिन के भीतर शिलान्यास किये जाने के भी निर्देश दिए। वन संरक्षक/फील्ड डायरेक्टर, पीलीभीत टाइगर रिजर्व श्री जावेद अख्तर ने अवगत कराया कि पीलभीत टाइगर रिजर्व में एक रिवाइल्डिंग सेन्टर की भी स्थापना किये जाने की कार्ययोजना तैयार की गयी है, बजट उपलब्ध होने पर उसकी स्थापना का कार्य किया जायेगा।
माननीय मंत्री जी द्वारा निर्देश दिये गये कि रेस्क्यू सेन्टर अथवा रिवाइल्डिंग सेन्टर का उद्घाटन माननीय मुख्य मन्त्री जी के कर कमलों से कराए जाने के प्रयास किए जाएँगे। माननीय मंत्री ने निर्देश निर्देश दिये कि वृक्षों का यथा सम्भव पातन न किया जाये, यदि किसी विकास कार्य हेतु वृक्षों को हटाये जाने की आवष्यकता हो तो वृक्षों का ट्रान्सलोकेशन किया जाये एवं वृक्ष को हटाये जाने वाले स्थान के समीप पीछे ही वृक्ष को ट्रान्सलोकेट किया जाये। माननीय मंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों से वन विभाग द्वारा पूर्व में किये गये वृक्षों के ट्रान्सलोकेशन के बारे में जानकारी प्राप्त की। माननीय मंत्री ने 22 मई को जैव-विविधता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित कराने के भी निर्देश दिए।
———————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *