परिसीमन में बाहर हुई आबादी को जोड़ने कवायद हुई तेज

रेणुकूट/ सोनभद्र- नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा परिसीमन से बाहर हुई आबादी को जोड़े जाने का कवायद रंग लाने लगा है। शासनादेश पर पहुंचे लेखपाल ने उपेक्षित आबादी में जांच कर लोगों की समस्याओं को जाना। नपं अध्यक्ष बीते चार महीनों से परिसीमन से बाहर तीस हजार की आबादी को मूलभूत सुविधाएं दिलाने के लिए पंचायत क्षेत्र में जोड़े जाने की मांग शासन से कर रहे हैं। इस विषय को लेकर अध्यक्ष द्वारा जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया था। उक्त मामले में जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी दुद्धी रामचन्द्र यादव द्वारा जांच के लिए रेणुकूट लेखपाल को नियुक्त किया गया।शुक्रवार को नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे लेखपाल अरूणोदय पाण्डेय ने आवश्यक जानकारी और कागजात जुटाए फिर उपेक्षित आबादी के विभिन्न हिस्सों में जाकर लोगों की समस्याओं को जाना। नगर के शिवापार्क, डा. विनोद राय गली, गुरुद्वारा रोड, मुख्य चौराहे के समीप, हॉस्पिटल रोड, बाल्मिकि मुहल्ला, दर्जी मार्केट विश्वकर्मा नगर सहित डेढ़ किलोमीटर लंबे मुख्य मार्ग के सड़क पटरियों पर आबाद दुकानदारों एवं आम लोगों से उनकी समस्याओं और उन्हें मिल रही सरकारी सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी गई। रहवासियों ने जांच अधिकारी को बताया कि हम लोगों को किसी भी प्रकार की सरकारी सुविधा नहीं मिलती। हमारा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र,निवास प्रमाण पत्र नहीं बन पाता है। कुटुम्ब रजिस्टर में नाम दर्ज नहीं हो पाता। सड़क, नाली टूट गया है। घरों का पानी निकलने के लिए सीवर लाइन की व्यवस्था नहीं है। इलाके में पेयजल को लेकर पूरे वर्ष हाहाकार मच रहता है। जिन लोगों ने बोरिंग करा रखा है वह भी गिरते जलस्तर के कारण पानी नहीं देते। इलाके में परियोजना द्वारा सामूहिक नल लगाए गए हैं जहां आए दिन पानी को लेकर मारपीट होता रहता है। लोगों ने बताया कि पूरे इलाके में सरकार द्वारा एक भी शौचालय नहीं बनाया गया है। दो दिनों तक चले स्थलीय जांच में लेखपाल जिस इलाके में जाते वहां लोगों का हुजूम जुट जाता। लोग एक स्वर में नागरिक सुविधाओं सहित छूटी आबादी को नगर पंचायत में जोड़ें जाने की मांग करते दिखे। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह, रेणुकूट व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय राय,नईम गाजीपुरी,अखिलेश मिश्रा, भरत सिंह, विजय प्रताप, आशीष, विनय सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

रिपोर्ट-:सर्वेश सिंह रेणुकूट सोनभद्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।