जीत का आभार जताने अपने संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव

आज़मगढ़- लोकसभा चुनाव में मिली जीत का आभार जताने सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनावी मोड में ही नजर आये हालांकि अब उन्होंने अपना लक्ष्य 2022 व 2024 को बनाया है। एक बार फिर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों को तमाम मुद्दों को लेकर निशाने पर लिया। अखिलेश ने पूर्वांचल एक्सप्रेस वे, गाजीपुर और जौनपुर में हुई सपा नेताओं की हत्या, बढ़ती बेरोजगारी, यूपीएससी पेपर लीक, भारतीय सामानों पर अमेरिकी फैसले आदि पर दोनों सरकारों को घेरा। उन्होंने लोगों से एक बार फिर आह्वान किया कि भाजपा के झूठ को पहचानिये। आईटीआई मैदान में आयोजित जनसभा में अखिलेश ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का डिजाइन हमने तैयार किया। वो अगड़े हैं और हम पिछड़े हैं। विकास में हम अगड़े है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे में पिछड़ गए। कही गिट्टी तक नही दिखी और ये कहते है 2020 तक बन जाएगी। ये लोग इसी तरह से झूठ बोलते हैं। ये कहते हैं कि सस्ती बनाएंगे। वो भी झूठ है। हमने हवाई जहाज तक उतारा। इन लोगों ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे में केवल एक काम किया, समाजवादी शब्द हटा दिया। 2022 में सरकार आएगी तो हम इससे बेहतर सड़क बनाएंगे। आज हवा भी हमारे विपरीत चल रही है। बलिया वाले रह गए। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे वहां तक नहीं पहुंचा। अखिलेश ने कहा कि 45 वर्षों में इतनी बेरोजगारी नहीं थी। नौजवानों को रोजगार दो, उनसे पकौड़े न तलवाओ। 2 हज़ार, 4 हज़ार से खुशहाली नही आएगी। अमेरिका ने अपनी सूची से भारत को बाहर कर दिया है। अब सामान वहाँ बिकने नहीं जा पायेगा। अर्थव्यवस्था नीचे जा रही है। यूपीपीएससी पेपर लीक का जिक्र करते हुए कहा कि आयोग में लूट मची है। पहले यादव आयोग कहा था। पेपर सेट करने वाला अौर बेचने वाला पकड़ा गया तो अब झूठ बोल रहे हैं। जनता को सच्चाई बताएं। भाषण की शुरुआत करते हुए सबसे पहले अखिलेश ने लोगों का अपनी जीत के लिए आभार जताया। कहा कि यहां से समाजवादी रिश्ता कभी टूटने नही देंगे। यह ऐतिहासिक धरती है। राहुल सांकृत्यायन, अल्लामा शिब्ली के परिवार और उस परम्परा के वाहक लोगों का आभार है। हम केवल दो बार आ पाए, इसके बाद भी आपने लाखों वोटों से जिताकर अपना प्यार अौर एहसान इतिहास में दर्ज करा दिया है। कहा कि जब भी संसद में बोलूंगा, आज़मगढ़ की आवाज बनूंगा। लोकसभा चुनाव की चर्चा करते हुए अखिलेश ने कहा कि हमने निरहुआ की फ़िल्म कभी नहीं देखी।हमारी उनसे लड़ाई नहीं है। आप लोग दुश्मन को पहचानो। पीएम मोदी का नाम लिये बिना कहा कि हमारी लड़ाई उनसे थी जो सेल्फी दे रहे थे। यह फरारी और साइकिल की रेस थी। टीवी उनका था। यह लड़ाई दूसरे तरह की है। पहले समझोगे तब इसे जीतोगे। अखिलेश ने कहा कि हमारे गठबंधन को यादवों अौर दलितों का गठबंधन कहा गया। ध्यान हटाने की ताकत बीजेपी के पास है, इसीलिए हम समझ नही पाए। आप लोग बड़ा सपना देखो। 2022 और 2024 का संकल्प लो। वो लोग झूठ को सच कहेंगे। अखिलेश ने कहा कि जौनपुर और गाजीपुर में मारे गए सपा कार्यकर्ताओं की क्या गलती थी? ये पुलिस कब जागेगी? प्रशासन कब जागेगा?समाजवादियों के पास जनता की ताकत है। हमे संघर्ष करना पड़ा तो करेंगे।

रिपोर्ट:-राकेश वर्मा आजमगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।