बरेली। मरीजों को भले ही बेंच पर भर्ती करना पड़े। डिप्टी सीएम के निरीक्षण के दौरान वार्ड चकाचक करने में स्वास्थ्य विभाग ने पूरी ताकत झोंक दी। यहां तक कि जून-जुलाई में बने हीटस्ट्रोक वार्ड में दर्जन भर खाली बेड रिजर्व कर वहां साफ-चमचमाती चादरें बिछा दीं। पंखे से लेकर खिड़कियों तक धुले गए। दूसरी ओर, 36 बेड वाले मेल मेडिकल वार्ड में 50 से अधिक मरीज भर्ती हैं। मौसम में हुए बदलाव के चलते सर्दी-जुकाम, खांसी-बुखार समेत कई बीमारियों का हमला बढ़ गया है। इससे जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। इसका दबाव वार्ड पर पड़ रहा है। यहां 36 बेड वाले मेल मेडिकल वार्ड में 50 से अधिक मरीज भर्ती हैं। कई बेड पर दो-दो मरीज हैं तो कई मरीजों को बेंच पर लिटाकर उपचार किया जा रहा है। मरीजों की परेशानी से बेफिक्र अफसर वार्डों में बेड की चादरों से लेकर खिड़कियों पर जमी धूल साफ करने को अधिक फिक्रमंद रहे। एक तरफ जहां कई मरीजों को बेड तक नहीं मिल रहा, वहीं दूसरी ओर जिला अस्पताल में बना हीटस्ट्रोक वार्ड खाली है। लू का खतरा कब का टल चुका, इस वार्ड में खाली बेड रिजर्व हैं। यहां मरीजों को भर्ती किया जा सकता है। सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश : एडीएसआईसी ने स्टाफ को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। एडीएसआईसी के साथ सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह पहले इमरजेंसी पहुंचे। वहां पंखा गंदा मिला, बेड भी साफ नहीं था। उसके बाद वार्ड देखने गए तो रास्ते में सीढ़ियों पर पान-मसाला की पीक थूकने की वजह से दीवार गंदी मिली। सबसे खराब हाल तो शौचालय का मिला। एडीएसआईसी ने स्टाफ बुलाया, सफाई व्यवस्था सही करने का निर्देश दिया। फिर अधिकारी महिला चिकित्सालय पहुंचे। वहां भी वार्ड से लेकर ओपीडी, इमरजेंसी, वार्ड की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान महिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. त्रिभुवन प्रसाद, डॉ. आशीष, डॉ. वैभव शुक्ल, डॉ. अनुराग आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
