बरेली। थाना इज्जतनगर के मल्हपुर गांव में चोरों ने 11 हजार की लाइन काटकर 25 केवीए के ट्रांसफार्मर पर हाथ साफ कर दिया। गांव में दो दिन लाइट नहीं आने पर जब ग्रामीणों ने शिकायत की तो जांच करने पहुंची विद्युत टीम को ट्रांसफार्मर चोरी होने का पता चला। फिलहाल अवर अभियंता की तहरीर पर थाना इज्जतनगर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। विद्युत उपकेंद्र रिठौरा के अवर अभियंता बृजपाल सिंह गौतम ने बताया कि मल्हपुर गांव के ग्रामीणों ने गांव की विद्युत सप्लाई दो दिन से बाधित होने की शिकायत की। जिस पर 15 दिसंबर को विभाग के कर्मचारी गांव गए तो देखा 11 हजार की लाइन काटकर चोर 25 केवीए का ट्रांसफार्मर चुरा ले गए। मामले की जानकारी विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों को देने के बाद अवर अभियंता ने इज्जतनगर थाने में तहरीर दी। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।।
बरेली से कपिल यादव
