कलेक्ट्रेट तक नहीं पहुंच सके किसान, राजनीतिक पार्टियो ने शांतिपूर्वक सरकार की नीतियों का किया विरोध

बरेली। किसानों के समर्थन में राजनीतिक दलों के प्रदर्शन के चलते सोमवार की सुबह से ही पुलिस अलर्ट है। शहर के चौकी चौराहा, पटेल चौराहा, दामोदरदास पार्क पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रही। सेठ दामोदर दास पार्क पर पीएसी की तीन कंपनियां दिन भर तैनात रही। चौकी चौराहे पर सीओ प्रथम दिलीप कुमार सिंह खुद टीम का नेतृत्व करते रहे। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस व अन्य राजनीतिक दलों के तय कार्यक्रम के मुताबिक कार्यकर्ता सोमवार की सुबह सेठ दामोदरदास पार्क पर प्रदर्शन की तैयारी में थे। वह चौकी चौराहे से होते हुए सेठ दामोदरदास पर पहुंचेंगे। किसी प्रकार का प्रदर्शन न होने पाए, जाम की स्थिति न होने पाए। लिहाजा पुलिस प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं की तुरंत गिरफ्तारी की तैयारी मे थी। प्रदर्शन के चलते ही पहले से जनपद में धारा 144 लागू है। सीओ प्रथम दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि राजनीतिक दल के संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को उनके घर पर ही नजरबंद किया गया है। किसानों के समर्थन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आवाहन पर सात दिसंबर से धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को धरना प्रदर्शन के आखिरी दिन समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों को मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करना था। जिसको लेकर शहर के कई प्रमुख मार्गों पर भारी संख्या में पुलिस वाला तैनात किया गया। वहीं शहर के कई सपा नेता अपने साथियों के साथ दामोदर पार्क में एकत्रित होकर मुख्यालय पर जाने वाले थे लेकिन पुलिस ने उन्हें चौकी चौराहे पर ही रोक दिया। उसके बाद समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी चौकी चौराहा स्थित गांधी पार्क में पहुंच गए। वहां सभी ने मौन प्रदर्शन कर सरकार की नीतियों का विरोध किया। उन लोगों का कहना था कि किसानों पर जो काला कानून लगाया जा रहा है। वह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर सपा के जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, महानगर अध्यक्ष शमीम सुल्तानी, पूर्व मंत्री अताउर रहमान, महिपाल सिंह यादव, शहजिल इस्लाम, सत्येंद्र सिंह यादव, अरविंद यादव, डॉक्टर अनीस वेग, सुल्तान बेग सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। वही सपा के महानगर उपाध्यक्ष प्रमोद यादव को उनके आवास पर ही रोक लिया गया। इसी बीच पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच काफी धक्का-मुक्की हुई लेकिन पुलिस ने उनके आवास रविंद्रनगर से आगे नहीं जाने दिया। इस बीच जमकर नारेबाजी की गई। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष भी अपने समर्थकों के साथ सेठ दामोदर स्वरूप पार्क के सामने किसानों के समर्थन में धरना देने पहुंच गए लेकिन पुलिस ने उन्हें भी धरना प्रदर्शन नहीं करने दिया। किसानों के इस आंदोलन के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं का विरोध भी शांतिपूर्ण जारी रहा। उनका कहना था कि किसानों पर सरकार अत्याचार कर रही है। जिसे अन्नदाता बिल्कुल स्वीकार नहीं करेगा। बही आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अच्छन अंसारी एडवोकेट के नेतृत्व में किसान नेता डॉ रवि नागर के साथ डीएम को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर किसान नेता जगपाल यादव व अन्य कई किसान नेता और जिला प्रभारी राजकमल पाल एडवोकेट, उपाध्यक्ष प्रदीप मौर्य एडवोकेट, शाकिर अली अल्वी, सचिव अमजद अली, हुकुम सिंह एडवोकेट, विजय कश्यप एडवोकेट, भीम आर्मी के मंडल अध्यक्ष अजय प्रधान एडवोकेट, विकास बाबू बाल्मीकि एडवोकेट, शिवम भारती, शुभम भारती आदि पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। किसान आंदोलन को लेकर सोमवार को रेलवे जंक्शन पर पुलिस द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। पुलिस द्वारा बगैर सामान के जंक्शन पहुंचने वाले यात्रियों से पूछताछ भी की गई। जीआरपी इंस्पेक्टर विजय सिंह राणा का कहना है कि स्टेशन परिसर में आने वाले हर व्यक्ति पर पैनी नजर रखी जा रही है। किसान आंदोलन को लेकर सभी प्लेटफार्म पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल लगा दिया गया है। इधर, देहात क्षेत्र में एसपीआरए डॉ संसार सिंह के नेतृत्व में पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। डॉ संसार से एसएसपी रोहित सिंह सजवाण देहात क्षेत्र में होने वाले प्रदर्शन की पल-पल की अपडेट ले रहे हैं और जनपद के आला अधिकारियों को अपडेट करा रहे हैं। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण भी कार्यालय से पूरे जनपद की अपडेट ले रहे हैं।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।