फरीदपुर, बरेली। प्रेम विवाह के बाद पत्नी को दहेज के प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले मे पुलिस ने आरोपी सिपाही पर मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोप है कि सिपाही ने 20 लाख रुपये की मांग करते हुए शादी तोड़ने की धमकी दी। लगातार दबाव से परेशान युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। फतेहगंज पूर्वी के एक परिवार की बेटी 21 नवंबर 2025 को दवा लेने बरेली गई थी। आरोप है कि अमेठी मे तैनात सिपाही विनीत निवासी शाहदपुर गुलाल, थाना नूरपुर, जिला बिजनौर युवती को अपने साथ ले गया। परिजनों को बाद मे बेटी के प्रेमी के साथ जाने की जानकारी मिली। दो दिसंबर 2025 को सहमति से युवती को वापस घर लाया गया। 11 फरवरी 2026 को हिंदू रीति रिवाज से बिना दहेज शादी तय हुई। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद सिपाही ने युवती पर परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और 20 लाख रुपये लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। रुपये न मिलने पर शादी तोड़ने और जीवन बर्बाद करने की धमकी दी। आरोप है कि मानसिक तनाव मे 22 जनवरी को युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे फरीदपुर के निजी अस्पताल से बरेली के रामपुर गार्डन और फिर भोजीपुरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर 23 जनवरी को युवती की मौत हो गई। युवती के परिवार वालों ने सिपाही के खिलाफ तहरीर दी लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नही किया। इसके बाद उन्होंने आईजीआरएस पर शिकायत दर्ज कराई। सोमवार की रात फतेहगंज पूर्वी पुलिस ने आरोपी सिपाही के खिलाफ आत्महत्या के उकसाने के आरोप का मुकदमा दर्ज किया है। एक लाख रुपये किए थे ट्रांसफर: परिजनों का कहना है कि बेटी की खुशी के लिए परिजनों ने पांच लाख रुपये देने पर सहमति जताई थी। इसी दौरान युवती के खाते से एक लाख रुपये विनीत के खाते मे ट्रांसफर किए गए।।
बरेली से कपिल यादव
