अवैध नकदी, शराब के साथ डिजिटल ट्रांजेक्शन भी रडार पर

बरेली। विधानसभा चुनाव के दौरान अवैध नकदी, शराब और दूसरे प्रलोभनों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय इंटेलिजेंस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में निर्देश दिए गए कि इस बार सड़कों पर दौड़ते वाहनों में कैश चेक करने के साथ ही बैंकों और ऑनलाइन माध्यम से होने वाले संदिग्ध ट्रांजेक्शन पर भी नजर रखी जाएगी। डीएम ने कहा कि जिले की सभी नौ विधानसभाओं में अवैध नकदी, शराब, मादक पदार्थों, बहुमूल्य धातुओं एवं अन्य प्रलोभन सामग्री के अवैध वितरण, परिवहन तथा भंडारण पर विशेष निगरानी रखी जाए। इसके लिए पुलिस, आबकारी, आयकर, वाणिज्य कर/जीएसटी, एनसीबी तथा अन्य संबंधित प्रवर्तन एजेंसियां आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान सुनिश्चित करें। डीएम ने सूची में उल्लिखित मानकों, संबंधित एजेंसियों से प्राप्त इनपुट तथा संवेदनशीलता के कारणों का विभागवार परीक्षण करने का निर्देश दिया। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पूर्व निर्वाचन के अनुभवों, जब्ती, शिकायतों, मादक पदार्थों एवं नकदी की आवाजाही तथा अन्य उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर संवेदनशीलता का आकलन करने को कहा। अवैध शराब पर रखें नजर : डीएम ने आबकारी विभाग को अवैध शराब की जब्ती, तस्करी, भंडारण और संवेदनशील स्थानों का विवरण उपलब्ध कराने को कहा। आयकर विभाग को संदिग्ध नकदी एवं बड़ी नकद गतिविधियों से संबंधित सूचनाओं का परीक्षण करने और वाणिज्य कर/जीएसटी विभाग को संदिग्ध व्यापारिक गतिविधियों एवं संबंधित वित्तीय इनपुट का संकलन करने को कहा गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *