हर-हर महादेव के साथ भोलेनाथ का किया जलाभिषेक, सुख-समृद्धि की कामना

बरेली देहात। गुलड़िया मे सावन के दूसरे सोमवार पर तड़के से ही गौरी शंकर महादेव मंदिर समेत जनपद के अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गई। उन्होंने हर-हर महादेव, जय भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए आराध्य को याद कर शिवलिंग का जलाभिषेक किया। बेलपत्र, धतूरा आदि सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। गौरी शंकर मंदिर में हरिद्वार और कछला से गंगाजल लेकर आए पांच-छह हजार कांवड़ियों समेत कई श्रद्धालुओं ने शिवलिंग का जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक किया। मंदिर परिसर में रविवार रात से ही श्रद्धालु कतारबद्ध होने लगे। इस कारण आधी रात से ही धाम के कपाट खोल दिए गए थे। पुरोहितों के मार्गदर्शन में जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक का सिलसिला दोपहर तक चलता रहा। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, फूल, फल, मिठाई आदि अर्पित कर मनोकामनाएं मांगीं। सुरक्षा के लिए मंदिर समिति के सदस्य और पुलिसकर्मी तैनात रहे। कांवड़ियों का कराया जलपान : मीरगंज। गांव कुल्छा खुर्द में लगे कांवड़ शिविर में सोमवार को एसडीएम निधि शुक्ला, विधायक डॉ. डीसी वर्मा और प्रशासनिक अधिकारियों ने भोलेबाबा की पूजा-अर्चना की। कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया। उनको जलपान कराया गया। वही सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। उनकी सुरक्षा के लिए एसडीएम निधि शुक्ला, तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, सीओ अजय कुमार आदि ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। भड़सर। बरेली-पीलीभीत हाईवे गांव खाईखेड़ा के पास काडू बाब स्थित शिव मंदिर पर सोमवार भदपुरा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख पुरुषोत्तम गंगवार ने कांवड़ियों का स्वागत किया। उनको जलपान कराया। इस दौरान अंशु गंगवार, नरेश गंगवार, राजेश कुमार आदि ने सहयोग किया। सेंथल। महंत उमाकांत जोशी और कपूरी महंत अनुभव शर्मा के नेतृत्व में कछला घाट से जल लेकर लौटे 60 कांवड़ियों ने कस्बे के विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक किया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पुष्पवर्षा से कांवड़ियों का स्वागत किया। इस दौरान चेयरमैन कंबर एजाज शानू, शाहबुल जैदी, अली शहीर जैदी, चंद्रपाल यादव, वीरपाल यादव आदि ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान चेयरमैन कंबर एजाज शानू, शाहबुल जैदी, अली शहीर जैदी, चंद्रपाल यादव आदि मौजूद रहे। सिरौली। मोहल्ला साईदान स्थित प्राचीन ढाए वाले शिव धाम में श्रद्धालुओं ने शिवलिंग का जलाभिषेक किया। यह सिलसिला दोपहर तीन बजे तक चलता रहा। संवाद गांव लीलौर झील के पास तपेश्वर नाथ धाम पर भी भीड़ रही। बहेड़ी। शिवभक्त तड़के से ही भोले बाब की मढ़ी, केसर मिल, मोहल्ला कानूनगोयान स्थित 84 घंटा मंदिर, शेखूपुर, तहसील परिसर और पंजाबी कॉलोनी के शिव मंदिर समेत अन्य शिवालयों में पूजा-अर्चना कर शिवलिंग का जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की। प्रशासन ने मुड़िया टोला प्लाजा पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर उत्तराखंड की ओर जा रहे कांवड़ियों का स्वागत किया। एडीएम (वित्त एवं राजस्व) संतोष बहादुर सिंह के नेतृत्व में एसडीएम गोपाल शर्मा, सीओ अरुण कुमार सिंह आदि ने कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा की। उसके बाद गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस दौरान नायब तहसीलदार दिवाकर सिंह और लेखपाल संदेश कुमार भी मौजूद रहे। आंवला। मोहल्ला पक्का कटरा से पूर्व सभासद संजय अग्रवाल बॉबी के नेतृत्व में सोमवार शाम कस्बे से चौथी डाक कांवड़ रवाना हुई। इसमें 22 शिवभक्त शामिल हैं। वे कछला घाट से जल भरकर लौटेंगे। जत्थे में आयुष गुप्ता, वैभव अग्रवाल, पंकज, ध्रुव आदि शामिल है। फतेहगंज पश्चिमी। सावन के दूसरे सोमवार को क्षेत्र के प्रसिद्ध खिरका कांवरिया शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भक्त भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचने लगे, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बन गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। क्षेत्राधिकारी हाईवे देवेश सिंह ने पुलिस अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर और आसपास लगे मेले का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसी बीच, हनुमंत सनातन ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं की सेवा के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई। यहां पहुंचने वाले कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं भोजन वितरित किया गया। ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लिया। वही सभासद धर्मेंद्र ठाकुर ने श्रद्धालुओं को आइसक्रीम का वितरण किया। इस मौके पर प्रेम कोरी, राजेश श्रीवास्तव, गौरव श्रीवास्तव, मुकुल, राहुल श्रीवास्तव सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *