बरेली। रविवार को मनोहर भूषण इंटर कॉलेज के प्रांगण मे अखिल भारतीय चित्रांश महासभा और श्री चित्रगुप्त समाज कल्याण सेवा ट्रस्ट की तरफ से चित्रांश समागम और कायस्थ वैवाहिक परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मे समाज के वरिष्ठ लोगों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर युवक-युवतियों का वैवाहिक परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री डॉ.अरुण कुमार, विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, अनिल सक्सेना और मुख्य अतिथि के रूप मे महामंडलेश्वर स्वामी सच्चिदानंद पशुपति और भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना रहे। अतिथियों ने भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना, दीप प्रज्ज्वलन एवं आरती की। साथ ही साथ रोशनी म्युजिकल ग्रुप के सौरव सक्सेना की टीम ने लगन तुमसे लगा बैठे जो होगा देखा जाएगा भजन प्रस्तुत किया। श्री चित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी सच्चिदानंद पशुपति महाराज ने कहा कि आपकी तालियों की गड़गड़ाहट से भगवान चित्रगुप्त जी को नमन हो जाएगा। चार हाथों वाले चित्रगुप्त जी दंड भी रखते है। आपके कर्मों के आधार पर फल देने का कार्य चित्रगुप्त जी का है। कार्यक्रम संयोजक राकेश सक्सेना ने कहा कि आज कायस्थों के कई संगठन है। हमने 2014 में सभी को एकजुट करने का प्रयास किया मगर न जाने क्यों हम बार-बार विभाजित हो जाते है। जल्द ही इसी दिसंबर माह मे चित्रगुप्त मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। जल्द ही वहां चित्रगुप्त भगवान की मूर्ति भी लगेगी। वन मंत्री डॉ.अरुण कुमार ने कहा कि हमारा 2000 साल का इतिहास बताता है कि शासन-प्रशासन में कभी हम ही हम भरे हुए थे। सन् 1950 में हमारे 50 विधायक थे पर 2022 में मात्र 3 रह गए। कोई काम छोटा नही होता। इसलिए सब कार्य करना आना चाहिए। अपने बच्चों को हर काम में निपुण बनाना चाहिए और समाज को राजनीति में भी आगे आना चाहिए। मंच पर जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, संजीव सक्सेना, मनोज कुमार सक्सेना, डॉ.संजीव वर्मा, बलदाऊ श्रीवास्तव, डॉ.सतीश कुमार, अनूप सक्सेना, रिंकेश सौरखिया, रवि जौहरी और कार्यक्रम संयोजक राकेश कुमार सक्सेना मौजूद रहे। संचालन विपिन सक्सेना, प्रदीप सक्सेना, दीपक सक्सेना ने किया।।
बरेली से कपिल यादव